Gopalganj News: लामीचौर में सामूहिक विवाह: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 15 जोड़े बने हमसफर

Share

महिलाओं के मंगल गीतों से गूंजा स्याही नदी का तट, नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान भेंट कर दी गई नई जिंदगी की शुरुआत

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

अनुज कुमार पांडेय । गोपालगंज

गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड स्थित लामीचौर पश्चिम टोला में गुरुवार को सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। बाबा भूतनाथ शांति सेवा संस्थान, लामीचौर के तत्वावधान में स्याही नदी के तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में 15 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं के मंगल गीतों से वातावरण भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना रहा।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारंभ गोरखपुर निवासी समाजसेवी रामाजी यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मोहन कुमार सिंह और समाजसेवी डॉ. एस.आर. मल्लिक उर्फ बंगाली बाबू ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ वर-वधू के परिजन भी मौजूद रहे।

विवाह समारोह का सम्पूर्ण अनुष्ठान आचार्य प्रदीप तिवारी और जितेंद्र शुक्ल की देखरेख में संपन्न हुआ। वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच सभी जोड़ों का विवाह विधिवत कराया गया। आयोजन के दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती रहीं, जिससे माहौल पारंपरिक और सांस्कृतिक रंग में सराबोर हो गया।

इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें बिहार के गोपालगंज जिले के अलावा उत्तर प्रदेश के देवरिया और कुशीनगर जिलों से भी कई वर-वधु अपने परिजनों के साथ शामिल होने पहुंचे थे। बारात हाथी-घोड़े और बैंड-बाजे के साथ निकाली गई, जो क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग इस अनोखे आयोजन को देखने पहुंचे।

संस्थान की ओर से नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए आवश्यक सामान उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। नवदंपतियों को राशन, फर्नीचर, साइकिल, बर्तन और वस्त्र दिए गए, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत बिना किसी आर्थिक बोझ के कर सकें। आयोजकों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करना और समाज में सामूहिक विवाह की परंपरा को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के दौरान इकरामुद्दीन सिद्दीकी, मुखिया कमलेश सिंह, अवध बिहारी सिंह, शिक्षक कमलेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एक सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत पहुंचाते हैं।

इन जोड़ों का हुआ विवाह
इस सामूहिक विवाह में डब्लू राम की शादी शिल्पी कुमारी से, बिट्टू की रीना कुमारी से, नागेंद्र की सेवंती से, भोला प्रसाद की पूजा कुमारी से, सिकंदर राम की संध्या कुमारी से, बैजनाथ ठाकुर की गीता कुमारी से, धीरज कुमार साहनी की आंचल सहनी से, हरकेश कुमार की सुमन कुमारी से, कृष्ण कुमार की सनम कुमारी से, अनूप बैठा की सुभावती से, रंजन भारती की प्रतिभा कुमारी से, सुगम मंडल की पम्मी कुमारी से, सिकंदर राम की काजल कुमारी से, रंजीत कुमार राम की प्रिया कुमारी से तथा राम पुकार राम की सुमन कुमारी से विवाह संपन्न हुआ।

इस आयोजन ने न केवल 15 जोड़ों को एक नई जिंदगी की शुरुआत दी, बल्कि समाज में सामूहिक विवाह की परंपरा और सामाजिक सहयोग की भावना को भी मजबूत करने का काम किया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031