Gopalganj: सोशल मीडिया पर गुहार के बाद दिव्यांग छात्रा को मिली नई राह

Share

जिला प्रशासन ने 15 वर्षीय सोनी कुमारी को उपलब्ध कराई ट्राईसाइकिल, अब बिना बाधा जारी रख सकेगी पढ़ाई

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। पटना/गोपालगंज:

मानवता, संवेदनशीलता और प्रशासनिक तत्परता की मिसाल पेश करते हुए गोपालगंज जिला प्रशासन ने एक दिव्यांग छात्रा की मदद कर उसे नई उम्मीद दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने 15 वर्षीय दिव्यांग छात्रा सोनी कुमारी को ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई, जिससे अब उसकी पढ़ाई का रास्ता आसान हो गया है।

दरअसल, भोरे प्रखंड के रामनगर गांव की रहने वाली सोनी कुमारी जन्म से ही शारीरिक रूप से दिव्यांग है। वह ‘ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल’ में पढ़ाई करती है। शारीरिक अक्षमता के कारण उसे रोज स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। कई बार उसे परिजनों या अन्य लोगों की मदद से विद्यालय पहुंचना पड़ता था।

हाल ही में सोनी की स्थिति को दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसकी परेशानी को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता था। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला जिला प्रशासन तक पहुंचा।

- Sponsored -

जिलाधिकारी ने तुरंत लिया संज्ञान
वीडियो सामने आने के बाद जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार तथा वरीय उप समाहर्ता एवं दिव्यांग कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी अजय कुमार ने पूरे मामले की जांच कर समन्वय स्थापित किया।

अधिकारियों की टीम ने छात्रा के दस्तावेजों और उसकी स्थिति की पुष्टि की। इसके बाद प्रशासन की ओर से सोनी कुमारी को तुरंत नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध करा दी गई, ताकि वह आसानी से विद्यालय आ-जा सके और अपनी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रख सके।

ट्राईसाइकिल मिलने पर परिवार में खुशी
ट्राईसाइकिल मिलने के बाद सोनी कुमारी और उसके परिवार के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। परिवार के लोगों ने जिला प्रशासन के इस मानवीय कदम के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने भी कहा कि अब सोनी नियमित रूप से स्कूल आ सकेगी और अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से जारी रख पाएगी।

स्थानीय लोगों ने की प्रशासन की सराहना
इस पहल की स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सराहना की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की ऐसी संवेदनशीलता से जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलती है।

जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सोनी कुमारी की शिक्षा में कोई बाधा न आए, इसके लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31