Siwan Police: बसंतपुर में ज्वेलर्स लूटकांड का 72 घंटे में खुलासा: SIT की कार्रवाई में 1 महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Share

एक नाबालिग निरुद्ध; चांदी के आभूषण और बाइक बरामद

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान। बसंतपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले अरूण ज्वेलर्स की दुकान में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 9 मार्च को करीब तीन बजे बसंतपुर थाना क्षेत्र के सोनरपट्टी मस्जिद के पास स्थित अरूण ज्वेलर्स की दुकान में दो मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। इस मामले में बसंतपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी थी।

तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले अपराधियों ने एक ग्लैमर मोटरसाइकिल से इलाके की रेकी की थी। पुलिस ने मोटरसाइकिल की पहचान कर उसके आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी।

छापेमारी में आभूषण बरामद

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बड़हरिया स्थित एक घर में छापेमारी की। वहां से लूटे गए कई चांदी के आभूषण बरामद किए गए और दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह पूरे मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बसंतपुर थाना क्षेत्र के बगहा निवासी अजीत उर्फ रामू, बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी सनोज कुमार और बसंतपुर थाना क्षेत्र के बड़वा कला निवासी अभिषेक पासवान शामिल हैं। इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी का पायल, मेहदी छाला, चांदी के बर्तन (प्लेट, कटोरी, ग्लास, दीप), लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति, सिन्होरी, कसौली, पान का पत्ता, 14 जोड़ी चांदी की बिछिया, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

टीम में शामिल रहे ये अधिकारी

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज श्री अमन के नेतृत्व में अंचल पुलिस निरीक्षक अमरजीत कुमार, बसंतपुर के अपर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सुमन, भगवानपुरहाट के थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, लकड़ीनवीगंज के थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार शुक्ला, महाराजगंज के अपर थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार तथा जिला आसूचना इकाई के विनोद कुमार सिंह और प्रशांत कुमार शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक श्री झा ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930