Lakhisarai Red Ribbon Quiz: रितिका और रौशन ने जीता राज्यस्तरीय मुकाबला, अब करेंगे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व

Share

रेड रिबन क्विज में लखीसराय का परचम लहराया


बिहार डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर

लखीसराय | अभिनंदन कुमार
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में लखीसराय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया है। बुधवार को पटना स्थित दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान में आयोजित इस प्रतियोगिता में बालिका विद्यापीठ, लखीसराय की आठवीं कक्षा की छात्रा रितिका कौशिक और नौवीं कक्षा के छात्र रौशन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में राज्यभर के कई जिलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, लेकिन रितिका और रौशन ने अपनी बौद्धिक क्षमता, जागरूकता और त्वरित उत्तर देने की दक्षता से निर्णायकों को प्रभावित किया। उनकी इस उपलब्धि के लिए बिहार राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी की ओर से दोनों को 15-15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के बाद आयोजित समारोह में आयोजकों ने लखीसराय टीम की तैयारी, अनुशासन और ज्ञान की विशेष सराहना की। कार्यक्रम में जिला नोडल प्रभारी डॉ. जीतेंद्र कुमार लाल एवं शिक्षक राजेश कुमार सिंह की भी अहम भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने यह सफलता हासिल की।

अब रितिका और रौशन 12 सितंबर 2025 को पटना में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले में उत्साह की लहर है। शिक्षा जगत और आम नागरिकों द्वारा प्रतिभागियों को बधाई दी जा रही है। साथ ही, राष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर विशेष तैयारी भी शुरू कर दी गई है। यह जीत सिर्फ दो छात्रों की नहीं, बल्कि लखीसराय जिले की शिक्षा व्यवस्था की भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

सन्नी कुमार ने थांग-ता में तीसरी बार जीता पदक, रचा नया इतिहास


बिहार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 25 किलो भार वर्ग में सिल्वर, पहले दो साल जीत चुके हैं गोल्ड

लखीसराय | विक्कम गांव के आठ वर्षीय सन्नी कुमार ने थांग-ता में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर लखीसराय का नाम रोशन किया है। नाजरथ अकादमी, मोकामा में कक्षा 2 में पढ़ने वाले सन्नी ने इस बार 5वीं बिहार राज्यस्तरीय थांग-ता चैंपियनशिप 2025 में 25 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीता है।

इससे पहले वे वर्ष 2023 और 2024 में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। 2024 में उन्होंने झारखंड में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बिहार का प्रतिनिधित्व किया था। सन्नी की सफलता पर विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर रोज़, प्रशिक्षक टीम और लखीसराय थांग-ता संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार भारती ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930