Republic Day 2026: 26 जनवरी को भव्य होगा गणतंत्र दिवस समारोह, राजेंद्र स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम

Share

डीएम विवेक रंजन मैत्रेय की अध्यक्षता में बैठक, झंडोतोलन से लेकर झांकी व सांस्कृतिक कार्यक्रम तक की रूपरेखा तय

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता, सिवान:

सिवान। आगामी 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, हर्षोल्लासपूर्ण और गरिमामय बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी सिवान विवेक रंजन मैत्रेय ने की। इस दौरान गणतंत्र दिवस समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य राजकीय समारोह का आयोजन राजेंद्र स्टेडियम, सिवान में किया जाएगा, जहां 26 जनवरी को पूर्वाह्न 9:15 बजे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजोतोलन किया जाएगा।

जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न सरकारी परिसरों में भी निर्धारित समय पर झंडोतोलन किया जाएगा। समाहरणालय परिसर में पूर्वाह्न 10:30 बजे, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण में 10:40 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 10:50 बजे, जिला परिषद में 10:55 बजे, बिहार गृह रक्षा वाहिनी में 11:00 बजे, पुलिस लाइन मैदान में 11:05 बजे तथा जिले के महादलित टोलों में 11:30 बजे झंडोतोलन का कार्यक्रम निर्धारित है।

डीएम ने बताया कि सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी महादलित टोलों में आयोजित झंडोतोलन कार्यक्रम में भाग लेंगे और वहां उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे, ताकि अंतिम पंक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

मुख्य समारोह स्थल राजेंद्र स्टेडियम में होने वाले ध्वजोतोलन कार्यक्रम का जिला प्रशासन सिवान के आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से लाइव वेबकास्ट किया जाएगा। इसके लिए जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी तथा उनकी टीम को विशेष निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 17 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक राजेंद्र स्टेडियम में परेड का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। वहीं, गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जिनमें ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, जीविका, शिक्षा, कृषि, परिवहन, उद्योग, अग्निशमन सहित कई विभाग शामिल होंगे।

इसके अलावा उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय कार्य करने वाले खिलाड़ियों, पुलिस पदाधिकारियों, टॉप-10 करदाताओं तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 26 जनवरी की शाम 5 बजे से 8 बजे तक टाउन हॉल सिवान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।

बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह जानकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सिवान कन्हैया कुमार ने दी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930