बड़हरिया में बिजली के जर्जर तार ने ली युवक की जान

Share

कईल टोला बाजार में देर रात हादसा, 18 वर्षीय राहुल की मौके पर ही मौत

सड़क पर गिरा था करंट से भरा बिजली का तार, पेशाब करने निकला युवक बना शिकार

केएमपी भारत।बड़हरिया (सीवान)।
प्रखंड क्षेत्र के कईल टोला बाजार में बुधवार रात करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल कुमार (18 वर्ष), पिता चंद्रमा साह के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में मंझला था और मेहनत कर अपनी पढ़ाई पूरी करने की चाह रखता था। घटना रात करीब 10 बजे की है, जब राहुल बाजार के पास पेशाब करने गया था। उसी दौरान वह सड़क पर गिरे जर्जर विद्युत तार की चपेट में आ गया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश, लापरवाह बिजली विभाग पर गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है। रात में बाजार क्षेत्र में अंधेरा रहता है और कई बार तार गिरने की शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।

पुलिस पहुंची मौके पर, शव को भेजा गया अंत्यपरीक्षण के लिए

घटना की जानकारी मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कनीय अभियंता बोले – मुआवजे की प्रक्रिया होगी शुरू

इस संबंध में बिजली विभाग के कनीय अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी विभाग को मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

राहुल के सपने अधूरे रह गए

राहुल कुमार एक मेहनती छात्र था, जो खुद कमाकर अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहता था। उसके असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930