नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति में सफर के दौरान बिगड़ी तबीयत
आरपीएफ ने प्लेटफॉर्म पर उतारकर कराया सुरक्षित प्रसव
पति और तीन बच्चों के साथ महिला को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सीवान।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता के चलते बुधवार को सीवान रेलवे स्टेशन पर एक गर्भवती महिला को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत की गई कार्रवाई के दौरान नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन में सफर कर रही महिला ने सीवान स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद आरपीएफ और रेलवे कर्मियों की मदद से जच्चा-बच्चा को एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल, सीवान भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार 7 अक्टूबर 2026 को गाड़ी संख्या 12566 नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट के सीवान रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले रेल मदद के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ट्रेन के कोच संख्या एम-1 के बर्थ संख्या 72 पर एक महिला यात्री प्रसव पीड़ा से गुजर रही है। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान के सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा और कांस्टेबल बबलू कुमार यादव सक्रिय हो गए।
ट्रेन के सीवान स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर करीब 02:55 बजे पहुंचते ही स्टेशन पर मौजूद फार्मासिस्ट मनोज कुमार ने महिला यात्री की जांच की। जांच के बाद उन्होंने बताया कि महिला की स्थिति ऐसी नहीं है कि वह आगे की यात्रा कर सके। इसके बाद महिला को उसके पति और साथ मौजूद तीन बच्चों के साथ ट्रेन से सुरक्षित उतारकर प्लेटफॉर्म संख्या दो पर ही चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

इसी दौरान महिला को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्टेशन पर मौजूद महिला कर्मचारियों और महिला यात्रियों ने मानवीय सहयोग करते हुए महिला को आवश्यक मदद उपलब्ध कराई। कुछ ही देर बाद महिला ने प्लेटफॉर्म संख्या दो पर ही एक पुत्री को जन्म दिया। बच्ची के जन्म के बाद महिला और नवजात की स्थिति की निगरानी की गई तथा बेहतर उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई।
आरपीएफ के अनुसार, महिला के पति संतोष पासवान ने बताया कि उनकी पत्नी का नाम खुशबू देवी (25 वर्ष) है। दोनों ग्राम गोविंदपुर, थाना बिरौली, जिला दरभंगा, बिहार के निवासी हैं। पति-पत्नी का गाड़ी संख्या 12566 के कोच एम-1 में बर्थ संख्या 70 और 72 पर नई दिल्ली से दरभंगा तक आरक्षण था।
बाद में खुशबू देवी को उनके पति संतोष पासवान के साथ एंबुलेंस से सदर अस्पताल, सीवान भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया। समय पर सूचना मिलने और रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे कर्मचारियों तथा यात्रियों द्वारा दिखाई गई तत्परता से महिला और नवजात बच्ची को सुरक्षित चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई को ऑपरेशन मातृ शक्ति के तहत महिलाओं और जरूरतमंद यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे सुरक्षा बल की संवेदनशील एवं त्वरित पहल के रूप में देखा जा रहा है।






