India Alliance: इंडिया गठबंधन का सीवान में रोषपूर्ण प्रदर्शन: मार्च में गूंजे ज्ञानेश हटाओ-लोकतंत्र बचाओ नारे, डीएम कार्यालय तक पहुंचा इंडिया गठबंधन

Share

बैरिकेडिंग से आक्रोशित हुए कार्यकर्ता, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह के पुतले फूंके

11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा चार सूत्री ज्ञापन

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीवान में रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ‘ज्ञानेश हटाओ-लोकतंत्र बचाओ मार्च’ वीएम उच्च विद्यालय परिसर से निकाला गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मालवीय चौक और कचहरी रोड होते हुए अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय के समीप पहुंचे।

मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारे लगाए। अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय के समीप तीनों के पुतलों का दहन किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय की ओर बढ़े। जिला प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों को रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी।

- Sponsored -

डीडीसी कार्यालय के समीप बैरिकेडिंग किए जाने पर कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। स्थिति को देखते हुए इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता और मुख्यालय डीएसपी अजय चौधरी की मौजूदगी में गठबंधन का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा से मिला।

चार सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन

प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम चार सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग की गई। इसके अलावा एसआईआर पर रोक लगाने, ईवीएम के इस्तेमाल पर रोक लगाकर बैलेट पेपर से चुनाव कराने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में किए गए बदलाव को रद्द कर पुरानी प्रक्रिया बहाल करने की मांग रखी गई। साथ ही दोषी पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजने का भरोसा दिया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद भी दिया।

बैरिकेडिंग को लेकर जताई नाराजगी

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद शहर में जगह-जगह बैरिकेडिंग किए जाने पर नाराजगी जताई। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि वे इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से बात करेंगे और भविष्य में इसका ध्यान रखा जाएगा।

प्रदर्शन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी, पूर्व मंत्री विजय शंकर दुबे, पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, राजद जिलाध्यक्ष विपिन कुमार कुशवाहा, भाकपा माले के जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया, वीआईपी जिलाध्यक्ष श्रीनिवास यादव समेत गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे। पूर्व विधायक अमरनाथ यादव, सीपीआई जिला सचिव तारकेश्वर यादव, सीपीएम के पूर्व जिला सचिव अर्जुन यादव, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजाराम सिंह सहित विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

प्रदर्शन में चंदा देवी, अरविंद यादव, अमित कुमार, ललन यादव, कौसर खान, शमीम अहमद खान, दीपक यादव, मेराज अहमद, विकास तिवारी, राकेश रौशन, सना खान, शहाबुद्दीन शाह, सलमान सिद्दीकी, शाहनवाज खान, महबूब आलम, सद्दाम हुसैन, कन्हैया यादव, संतोष यादव, सुभाष चौहान, आशीष कुमार, नागेंद्र मांझी, अनीश कुमार, पवन यादव, राजेंद्र गुप्ता, अमितेश पांडेय, वैद्यनाथ महतो, प्रिंस पासवान, धनंजय कुमार, चंद्रशेखर यादव, मुन्ना कुमार, छोटन सिंह समेत सैकड़ों लोग शामिल थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031