कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, शतरंज, हॉकी, क्रिकेट व कुश्ती में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
उत्कृष्ट खिलाड़ी प्रमंडल स्तर पर लेंगे हिस्सा
स्पोर्ट्स न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सीवान।
खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, सीवान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 में जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, शतरंज, हॉकी, क्रिकेट एवं कुश्ती सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की गई।
कबड्डी के अंडर-14 बालिका वर्ग में आदर्श मध्य विद्यालय, जिरादेई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य विद्यालय, भंवराजपुर की टीम को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला रामावतार उच्च विद्यालय, भंवराजपुर और उच्च विद्यालय, गहिलापुर के बीच खेला गया। इसमें गहिलापुर की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय, चनौर में किया गया। अंडर-14 बालक वर्ग में द्रोणाचार्य उच्च विद्यालय और विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें द्रोणाचार्य उच्च विद्यालय की टीम विजेता तथा विज्ञानानंद केंद्रीय विद्यालय की टीम उपविजेता रही। अंडर-14 बालिका वर्ग में द्रोणाचार्य उच्च विद्यालय और उत्क्रमित उच्च विद्यालय, छाका हाता के बीच मुकाबला हुआ। इसमें छाका हाता की टीम उपविजेता रही।

जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
एथलेटिक्स के डिस्कस थ्रो में अंडर-17 बालक वर्ग में अभिषेक सिंह प्रथम, अभिराज कुमार द्वितीय और प्रतीक कुमार तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 बालक वर्ग में अनीष सिंह ने प्रथम, आदर्श रंजन ने द्वितीय और राहुल कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग में कीर्ति कुमारी प्रथम, स्वीटी कुमारी द्वितीय और प्रीति लवली तृतीय स्थान पर रहीं।
शतरंज प्रतियोगिता में करीब 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हॉकी का ट्रायल मैरीकॉम एकेडमी, पंजवार में आयोजित किया गया। वहीं क्रिकेट के माध्यम से अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया गया। कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन खेल भवन में हुआ, जिसमें अंडर-19 वर्ग में प्रतीक कुमार, अंडर-14 में अंश कुमार तथा अंडर-17 में अर्श खान और आफताब ने बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी पदाधिकारियों मनोरंजन कुमार सिंह, संतोष सिंह, मोहम्मद असलम, प्रेम बाबू माथुर, ब्रजेश कुमार, विजय प्रताप सिंह, रवि कुमार गुप्ता, शिवेंद्र कुमार, अरविंद शंकर, वाल्मीकि ओझा, ऋषि सिंह, विष्णु कुमार यादव, अंकित कुमार सिंह, अभिमन्यु सिंह, जफर इमाम और रितेश कुमार सहित अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।






