बैडमिंटन, टेबल टेनिस, एथलेटिक्स और फुटबॉल में विद्यार्थियों ने दिखाया दम
SGFI जिला एथलेटिक्स मीट में कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते
स्पोर्ट्स न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
खेल संवाददाता l सीवान।
विज्ञानंद केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, सीवान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सीवान जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026-27 में बैडमिंटन, वेटलिफ्टिंग तथा School Games Federation of India (SGFI) जिला एथलेटिक्स मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 स्वर्ण, 9 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए।
बैडमिंटन में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

बैडमिंटन प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों का प्रदर्शन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। अंडर-14 बालक एकल वर्ग में रंजीत कुमार, अंडर-17 बालक एकल वर्ग में उज्ज्वल प्रकाश, अंडर-19 बालक एकल वर्ग में सोनू कुमार तथा अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में काजल कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
युगल वर्ग में भी खिलाड़ियों ने सफलता हासिल की। अंडर-14 बालक युगल में सचिन कुमार एवं प्रतीक कुमार, अंडर-17 बालक युगल में निशान खान एवं ऋषभ कुमार, अंडर-19 बालक युगल में अंकित कुमार एवं यश पांडेय ने स्वर्ण पदक जीते। अंडर-14 बालिका युगल में मफलक नाज़ एवं जुबैरीया फातिमा तथा अंडर-17 बालिका युगल में आरती श्रीवास्तव एवं सामिया शुक्ला ने भी स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
वेटलिफ्टिंग में अंडर-19 बालक वर्ग में प्रियंशु कुमार एवं सूरज कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
एथलेटिक्स में भी पदकों की झड़ी
SGFI जिला एथलेटिक्स मीट के अंडर-14 वर्ग में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। आयुष कुमार ने 100 मीटर एवं 200 मीटर, दिव्यांशु दुबे ने लॉन्ग जंप एवं हाई जंप, आर्यन कुमार ने शॉटपुट एवं डिस्कस, मुस्कान ने शॉटपुट, अभिषेक सिंह ने डिस्कस, राजू कुमार ने जैवलिन, पिंटू कुमार ने ट्रिपल जंप तथा रिया कुमारी ने शॉटपुट एवं जैवलिन में स्वर्ण पदक हासिल किया।
इसी वर्ग में अंशु ने 400 मीटर तथा आदिति कुमारी ने योग में रजत पदक प्राप्त किया। ओमजी ने शॉटपुट और राहुल ने डिस्कस में कांस्य पदक हासिल किया।
अंडर-17 वर्ग में अनुष्का ने शतरंज में स्वर्ण पदक जीता। राहुल ने शॉटपुट, जिगर ने 200 मीटर और आर्यन ने 100 मीटर में रजत पदक प्राप्त किया। अनमोल कुमार सिंह ने योग में रजत पदक हासिल किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में आराध्या गोस्वामी ने शतरंज में रजत पदक जीता।
फुटबॉल में भी विद्यार्थियों की भागीदारी
6 अक्टूबर 2026 को रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी, मेरठ में आयोजित SGFI फुटबॉल आयोजन में विद्यालय के अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक वर्ग के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इससे विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा मिला।
विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल
विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों से विज्ञानंद केंद्रीय विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण से साबित किया है कि शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता की नई ऊंचाइयों को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय के निदेशक विलास गिरी, प्रधानाचार्या जया प्रदा कुमारी, उप-प्रधानाचार्य कमलेश्वर प्रसाद गुप्ता, खेल शिक्षक अरिंदम चटर्जी एवं सत्यसाची भुनिया तथा विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






