Guthni News : सीवान जिले के गुठनी में बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, उधर खिलवा गांव में लाखों की चोरी से सनसनी

Share

बकरीद को लेकर गुठनी में शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने सौहार्द बनाए रखने की अपील

नमाज स्थलों पर रहेगी पुलिस की विशेष तैनाती, अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l गुठनी (सीवान)।

आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार की शाम गुठनी एवं दरौली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और दोनों समुदायों के लोगों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।

गुठनी थाना परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ नवनीत नमन ने कहा कि बकरीद आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को अवगत कराने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी, वहां पहले से ही पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।

बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। कई वक्ताओं ने कहा कि गुठनी क्षेत्र हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल रहा है और आगे भी इसी परंपरा को कायम रखा जाएगा। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में खुद निर्णय लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें।

इस दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एसआई निरंजन कुमार, एसआई राजनंदनी, एएसआई अमरेश कुमार, पीटीसी राजीव कुमार, एसआई शशिभूषण कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


गुठनी के खिलवा गांव में ताला तोड़ लाखों की चोरी, विदेश में कमाने वाले परिवार का घर बना निशाना

बंद घर को चोरों ने बनाया टारगेट, गहने-नगदी समेत कीमती सामान लेकर फरार

गुठनी। थाना क्षेत्र के खिलवा गांव में मंगलवार की शाम चोरी की बड़ी वारदात सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। चोरों ने बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, खिलवा गांव निवासी चंदन उर्फ छोटे तिवारी विदेश में रहकर नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी रूबी देवी अपने दो बच्चों के साथ शनिवार को मायके गई थीं। घर पूरी तरह बंद था। मंगलवार की शाम छोटे तिवारी की मां शांति देवी दूसरे मकान से दीपक जलाने पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने देखा कि चोरों ने मुख्य दरवाजे समेत घर के तीन कमरों का ताला तोड़ दिया था। घर के अंदर रखी अलमारी, बक्सा, अटैची और बेड ट्रंक को भी तोड़ दिया गया था। उसमें रखे लाखों रुपये के स्वर्णाभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान गायब थे। घर के सभी सामान बिखरे पड़े थे, जिससे साफ जाहिर हो रहा था कि चोर काफी देर तक घर में आराम से चोरी करते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही रूबी देवी मायके से रोते-बिलखते घर पहुंचीं। टूटी अलमारी और बिखरे सामान को देखकर उनकी हालत खराब हो गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि विदेश में वर्षों की मेहनत से जुटाई गई कमाई और महिलाओं के गहने चोर अपने साथ ले गए।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना डायल 112 और गुठनी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बाद में थानाध्यक्ष सुनील कुमार भी घटनास्थल पहुंचे तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास के संदिग्ध लोगों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930