Siwan News: बसंतपुर में गैस संकट पर फूटा गुस्सा: उपभोक्ताओं ने एनएच-227ए जाम कर जताया विरोध

Share

सुबह 5 बजे से लाइन में खड़े रहने के बाद भी नहीं मिला सिलेंडर, एजेंसी पर टालमटोल और ब्लैक मार्केटिंग के आरोप; प्रशासन के समझाने पर खुला जाम

डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। बसंतपुर (सीवान)।
रसोई गैस की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का आक्रोश मंगलवार को सड़कों पर फूट पड़ा। बसंतपुर मुख्यालय स्थित एनएच-227ए पर सैकड़ों की संख्या में लोगों ने गैस सिलेंडर रखकर सड़क जाम कर दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप था कि स्थानीय मां कांति गैस एजेंसी पिछले कई दिनों से गैस वितरण में लापरवाही बरत रही है। लोगों ने बताया कि वे रोज सुबह 5 बजे से एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी गैस नहीं मिलती। कई बार एजेंसी बिना किसी सूचना के बंद कर दी जाती है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी दिक्कत होती है।

आक्रोशित लोगों ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिकअप वैन के जरिए गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। उनका कहना था कि जरूरतमंदों को गैस नहीं मिल रही, जबकि दूसरी ओर ब्लैक में ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी को तत्काल सील करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि गैस आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाएगी। इसके बाद लोगों ने धीरे-धीरे जाम हटाया, जिससे यातायात फिर से सामान्य हो सका।

इस मामले में एजेंसी संचालक शैलेंद्र सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वर्तमान में गैस की उपलब्धता नहीं है, जिसके कारण वितरण प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि अगले दो दिनों के भीतर गैस की आपूर्ति होने की संभावना है, जिसके बाद नियमित वितरण शुरू कर दिया जाएगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930