कन्हैया लाल केंद्रीय जिला पुस्तकालय सभागार में आयोजित हुआ भव्य समारोह
सीवान सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी ने किया उद्घाटन, दीक्षित जी को बताया प्रेरणास्रोत
भोजपुरी आंदोलन को धार देने के लिए बनी अभियान समिति, राष्ट्रीय आयोजन की होगी तैयारी
डॉ. प्रजापति त्रिपाठी समिति के अध्यक्ष, आठवीं अनुसूची में भोजपुरी शामिल कराने का संकल्प
केएमपी भारत। सीवान।
भोजपुरी विकास मंडल, सीवान के तत्वावधान में भोजपुरी के पुरोधा और प्रखर साहित्यकार स्व. अक्षयवर दीक्षित की 95वीं जयंती समारोह स्थानीय कन्हैया लाल केंद्रीय जिला पुस्तकालय के सभागार में गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल के अध्यक्ष युगल किशोर दुबे ने की। समारोह की शुरुआत स्व. दीक्षित जी के चित्र पर माल्यार्पण से हुई, जिसमें जिले के अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वर्तमान सीवान सदर विधायक श्री अवध बिहारी चौधरी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अक्षयवर दीक्षित न केवल एक महान शिक्षक थे, बल्कि भोजपुरी और हिंदी साहित्य के राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लेखक भी थे। उन्होंने शोधपरक और प्रेरक लेखन से समाज को दिशा दी। आज के साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
साहित्य और आंदोलन के योद्धाओं का हुआ सम्मान
इस अवसर पर भोजपुरी भाषा और साहित्य के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. प्रजापति त्रिपाठी, अखिलेश पांडे, श्री सदानंद तिवारी, इंजीनियर गणेश प्रसाद और वरिष्ठ शायर उस्ताद कमर शिवानी को सम्मानित किया गया।
भोजपुरी आंदोलन को फिर से गति देने की घोषणा
भोजपुरी विकास मंडल के सचिव मार्कंडेय ने मंडल की गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराना अब भी एक लंबा संघर्ष है। उन्होंने अफसोस जताया कि कई लोग भोजपुरी के नाम पर ऊंचे पदों तक तो पहुंचे, लेकिन भाषा के संवैधानिक मान्यता के लिए गंभीर प्रयास नहीं हुए।
गठित हुई अभियान समिति, सिवान में होगा राष्ट्रीय आयोजन
भोजपुरी आंदोलन को संगठित रूप देने के उद्देश्य से एक अभियान समिति का गठन किया गया, जो सदस्यता अभियान और संविधान में भोजपुरी की मान्यता के लिए देशव्यापी कार्यक्रम करेगी। समिति का अध्यक्ष डॉ. प्रजापति त्रिपाठी को बनाया गया है, जबकि सदस्यों में सदानंद तिवारी, अखिलेश पांडे, इंजीनियर गणेश प्रसाद, गोरखनाथ गुंजन, रामनरेश सिंह, युगल किशोर दुबे, प्रो. उपेंद्रनाथ यादव और मार्कंडेय शामिल हैं। समिति शीघ्र ही सिवान में राष्ट्रीय स्तर का भोजपुरी महासम्मेलन आयोजित करेगी, जिसमें देशभर के भोजपुरी प्रेमियों को आमंत्रित किया जाएगा।
समारोह में कई साहित्यिक हस्तियों की रही भागीदारी
कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में लायची हरि राही, विक्रम पंडित विवेक, केएचएन दीक्षित, प्रो. उपेंद्रनाथ यादव, डॉ. संदीप कुमार यादव, साहिब सिंह विजेता, डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी, मुरलीधर मिश्रा, शुभम दीक्षित, अनिल कुमार (शिक्षक), नागेंद्र पांडे (अधिवक्ता), अखिलेश्वर दीक्षित, योगेंद्र झा, राहुल यादव, ओमप्रकाश दुबे, पारस सिंह, सुभाष सिंह और पूर्व प्राचार्य डॉ. रामसुंदर चौधरी, डॉ. मोहम्मद ओबैद रेयाज जैसे अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे।