Siwan News: मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश मार्च

Share

जेपी चौक से अंबेडकर चौक तक निकाला मार्च, भाजपा और आरएसएस के खिलाफ लगाए नारे

कांग्रेस नेताओं ने कहा- संविधान और सामाजिक बराबरी से समझौता नहीं

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सीवान।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के विरोध में शुक्रवार को सीवान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला। कांग्रेस के बैनर तले निकाला गया यह मार्च जेपी चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौक पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और आरएसएस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

मार्च के दौरान “दलितों का अपमान, नहीं सहेगा हिन्दुस्तान”, “भारत का संविधान जिंदाबाद”, “छुआछूत और भेदभाव की राजनीति करने वाली भाजपा शर्म करो” तथा “देश को विखंडित करने वाली राजनीति मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक भेदभाव और छुआछूत की कथित राजनीति के खिलाफ अपना विरोध जताया।

- Sponsored -

अंबेडकर चौक पर पहुंचने के बाद आक्रोश मार्च सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस पार्टी की रैली के बाद भाजपा से जुड़े श्रीराम सेना के लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण कराया जाना गंभीर और आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि शुद्धिकरण के पीछे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी को कारण माना गया, जो सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाता है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, सामाजिक न्याय और बराबरी के सिद्धांतों के लिए लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक देश में किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर उसके प्रति भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि देश संविधान के अनुसार चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि नफरत की विचारधारा समाज में गैरबराबरी को बढ़ावा दे रही है।

कांग्रेस नेता विश्वनाथ यादव ने कहा कि जिन लोगों ने सदियों तक समाज के एक बड़े वर्ग को बराबरी का अधिकार नहीं दिया, वे आज भी उसी विचारधारा पर कायम दिखाई दे रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की मजबूती के लिए सामाजिक एकता जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेदभाव और नफरत के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।

इस मौके पर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष शशि कुमार, कुतुबद्दीन खान, राधेश्याम शर्मा, अमित कुशवाहा, आशुतोष कुमार, ओम शर्मा, विकास तिवारी, अलाउद्दीन अहमद, सोहेल अहमद, संजय सिंह, छोटन कुमार, मनुल मिश्रा, श्री बाबू प्रियदर्शी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930