Bihar Diwas 2026: सिवान में बिहार दिवस पर सांस्कृतिक संध्या, लोक परंपराओं की झलक से सजा टाउन हॉल

Share

छठ, डोमकच, झिझिया और कथक की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।

बिहार दिवस 2026 के अवसर पर सिवान जिला मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय समारोह के तहत टाउन हॉल (नगर भवन) में सांस्कृतिक संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों और स्थानीय कलाकारों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। छठ पूजा, डोमकच लोकनाट्य, झिझिया लोकनृत्य, कथक नृत्य और गणेश वंदना जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सहित अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान कला एवं संस्कृति पदाधिकारी शालू कुमारी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत से हुई, जिसके बाद कथक नृत्य की प्रस्तुति ने मंच पर शास्त्रीय रंग बिखेरा। नृत्योदय द परफॉर्मिंग आर्ट्स (नटपा) की प्रशिक्षु नृत्यांगनाओं श्रेया द्विवेदी, अंजली कुमारी, दीक्षा रानी और अभ्यांशी ने गणेश वंदना और शिव स्तुति पर शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

इसके अलावा, नृत्य शिक्षिका बाबली डे के नेतृत्व में प्रस्तुत बिहार के पारंपरिक लोकनृत्य ने कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। तुषार द्वारा गिटार पर छठ गीत की प्रस्तुति ने आधुनिक और पारंपरिक संगीत का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। इप्टा के स्थानीय कलाकारों ने डोमकच लोकनाट्य के माध्यम से ग्रामीण संस्कृति की झलक दिखाई, जबकि गौरव कुमार के ‘हां हम बिहारी हैं जी’ गीत पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। शहनाई वादन में राजन कुमार और मोहम्मद इमरान ने अपनी कला से कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।

- Sponsored -

सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सिवान को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि स्मार्ट स्टेप स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, दारौंदा को तीसरा और डीएवी पब्लिक स्कूल को चौथा स्थान मिला। सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन द्वारा मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। स्थापना उप समाहर्ता जुली कुमारी, सामान्य शाखा प्रभारी शालू कुमारी, उपनिदेशक अल्पसंख्यक कल्याण उपेंद्र कुमार यादव और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

मौके पर सिविल सर्जन श्रीनिवास प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सिवान में उत्सव, उमंग और सांस्कृतिक गौरव की अद्भुत छटा देखने को मिली।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930