महादलित टोलों में विशेष कार्यक्रम; बेटी के जन्म पर परिवारों को किया गया प्रोत्साहित, तौलिया व उपयोगी सामग्री का वितरण
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सिवान
सिवान। जिले में बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने और समाज में सकारात्मक संदेश देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विभिन्न प्रखंडों में बेटी जन्मोत्सव सह कन्या रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना के माध्यम से किया गया, जिसमें खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के महादलित टोलों को प्राथमिकता दी गई।

कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्या शिशुओं के जन्म पर परिवारों को सम्मानित करते हुए उन्हें बेटियों के पालन-पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि बेटी परिवार और समाज की महत्वपूर्ण धरोहर है तथा उनकी शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नवजात कन्या शिशुओं को बेबी किट, तौलिया तथा अन्य उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों को बेटियों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

बाल विकास परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और लिंगानुपात में सुधार लाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को बेटियों के महत्व के बारे में बताया जा रहा है।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक परिवारों तक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का संदेश पहुंच सके और बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा मजबूत हो सके।






