जिला पदाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण, कहा— बिजली ढांचे के सशक्त होने से मेडिकल कॉलेज और उद्योगों को मिलेगा लाभ
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
सिवान। मैरवा प्रखंड के मौजा मुड़ियारी में पावर ग्रिड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने अधिकारियों की टीम के साथ चिन्हित भूमि का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद जिला पदाधिकारी ने इसे सभी दृष्टिकोण से उपयुक्त बताते हुए पावर ग्रिड का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
बुधवार, 07 जनवरी 2026 को हुए इस भ्रमण में अपर समाहर्ता सिवान, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी मैरवा सहित विद्युत विभाग के कई वरीय और तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे। भ्रमण के दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता (संचरण प्रमंडल, गोपालगंज), विद्युत कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सिवान), सहायक अभियंता (असैनिक), सहायक विद्युत अभियंता, कनीय अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने चिन्हित भूमि की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, तकनीकी अनुकूलता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकला कि मौजा मुड़ियारी की भूमि पावर ग्रिड निर्माण के लिए हर दृष्टि से उपयुक्त है। इसके बाद जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि पावर ग्रिड के निर्माण से इस पूरे क्षेत्र के बिजली ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि इससे न सिर्फ आम उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी, बल्कि मेडिकल कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान और भविष्य में स्थापित होने वाले उद्योगों को भी पर्याप्त और स्थिर बिजली मिल सकेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सशक्त बिजली व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती है। पावर ग्रिड बनने से मैरवा और आसपास के इलाकों में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि प्रशासन पावर ग्रिड निर्माण को लेकर गंभीर है और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।






