रामजानकी मठ परिसर में हुई केंद्रीय कमेटी की बैठक, महावीरी मेले में सामाजिक पहल और अनुशासन के लिए सभी अखाड़ों की सराहना
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l बड़हरिया (सिवान)।
रामजानकी मठ परिसर, बड़हरिया में महावीरी अखाड़ा संपन्न होने के बाद सम्मान समारोह सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महंत भगवान दास जी महाराज ने की। इसमें केंद्रीय कमेटी के सदस्यों के साथ लाइसेंसधारी, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और युवा साथी मौजूद रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 4 अक्टूबर 2026, रविवार को सुबह 11 बजे रामजानकी मठ परिसर, बड़हरिया में सम्मान समारोह सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
समारोह में महावीरी अखाड़ों के लाइसेंसधारी, अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रबुद्ध जन और युवा साथियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही महावीरी मेले के दौरान बेहतर आयोजन और अनुशासन बनाए रखने वाले अखाड़ों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से इस वर्ष महावीरी मेला शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि तेतहली के 8 अखाड़े, बड़हरिया रामजानकी मठ के 11 अखाड़े, हरदिया शिव मंदिर के 10 अखाड़े और पहाड़पुर के 1 अखाड़े ने मेले में भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस बार सभी अखाड़ों में निर्धारित मानकों का पालन किया गया। आर्केस्ट्रा और डीजे का पूर्णतः प्रयोग नहीं किया गया, जबकि साउंड, झांकी और बैंड-बाजे के माध्यम से मेले की भव्यता बनी रही।

उन्होंने कहा कि विभिन्न अखाड़ों में श्रद्धालुओं ने महावीर जी का भव्य पूजन किया तथा पारंपरिक रूप से शौर्य और शक्ति का प्रदर्शन किया। प्रशासन की ओर से थानाध्यक्ष, बीडीओ और सीओ का भी सराहनीय सहयोग मिला, जिससे आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका।
कोइरीगांवा मुखिया प्रतिनिधि वाल्मीकि प्रसाद ने कहा कि सभी अखाड़ों के लोगों ने सामाजिक पहल को स्वीकार कर उसका पालन किया, जो सराहनीय है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद दिया। सरपंच अरविंद श्रीवास्तव ने भी सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।
बैठक में केसर श्रीवास्तव, मनोज कुशवाहा, मधुप मिश्रा, राजेश गिरि, विपिन शर्मा, प्रेमप्रकाश सोनी, राजेश शर्मा, भारती सिंह, अक्षय सिंह, विकास शर्मा, दिलीप सिंह, बलीराम साह, भोज यादव, विश्वकर्मा यादव, पप्पू पटेल, विद्या भूषण वर्मा, आदर्श पांडेय, हरिकेश मांझी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध जन, लाइसेंसधारी और युवा साथी उपस्थित रहे।






