गुप्त सूचना पर अफराद मोड़ के पास सघन चेकिंग, स्कॉर्पियो व कार से मिली भारी खेप; पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
बिहार न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।
सक्रिय पुलिसिंग के तहत सिवान पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कुल 475.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 को गोरेयाकोठी थाना पुलिस को सूचना संकलन के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि अफराद मोड़ के पास एक स्कॉर्पियो और एक अन्य कार में भारी मात्रा में शराब लोड कर सिवान की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।

वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो और कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में दोनों वाहनों से कुल 475.20 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके पर ही पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान पिंटू कुमार यादव (निवासी महुआरी बिचला टोला, थाना मुफ्फसिल, जिला सिवान) और रंजन कुमार यादव (निवासी सोनगढवा, थाना फुलवरिया, जिला गोपालगंज) के रूप में बताई।

पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक स्कॉर्पियो, एक कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद शराब की मात्रा को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह एक संगठित तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस संबंध में गोरेयाकोठी थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) एवं 41(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनसे मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस ऑपरेशन में गोरेयाकोठी थाना के थानाध्यक्ष पु.अ.नि. मनीष कुमार के अलावा गृहरक्षक जितेन्द्र कुमार यादव और अंशु कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने टीम की तत्परता और कुशल कार्रवाई की सराहना की है।
अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






