शिक्षा विभाग ने जारी किया नया आदेश, सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9:30 से शाम 4 बजे तक कक्षाएं
शनिवार को दोपहर 1 बजे तक ही होगा संचालन, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए अलग व्यवस्था।
एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सीवान/पटना l
बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा 6 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार अब राज्य के सभी सरकारी विद्यालय सोमवार से शुक्रवार तक पूर्व निर्धारित समय के अनुसार सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि शनिवार को विद्यालय हाफ डे रहेगा और दोपहर 1:00 बजे तक ही स्कूल संचालित किए जाएंगे।

शिक्षा विभाग ने यह संशोधन पूर्व में जारी 12 दिसंबर 2025 के आदेश में आंशिक बदलाव करते हुए किया है। नए निर्देश के अनुसार शनिवार को विद्यार्थियों के लिए केवल आवश्यक शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस निर्णय का उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई को व्यवस्थित बनाए रखने के साथ-साथ शिक्षकों को शैक्षणिक योजना एवं मूल्यांकन कार्यों के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराना बताया गया है।


आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में शनिवार को पूर्व निर्धारित गतिविधियां संचालित होंगी। विद्यार्थियों की कक्षाएं और अन्य गतिविधियां दोपहर 12 बजे तक चलेंगी। इसके बाद 12:00 बजे से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन कराया जाएगा और भोजन के उपरांत बच्चों को छुट्टी दे दी जाएगी।
वहीं माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भी शनिवार को केवल दोपहर 1:00 बजे तक ही शिक्षण कार्य एवं पूर्व निर्धारित गतिविधियों का संचालन होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को अवकाश दे दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की छुट्टी होने के बाद शिक्षक और शिक्षिकाएं विद्यालय में रहकर अगले दिन एवं आगामी सप्ताह की पाठ योजना तैयार करने, मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी का अद्यतन, विद्यार्थियों के गृहकार्य की जांच, प्रयोगशाला प्रबंधन तथा आवश्यकता पड़ने पर रिमेडियल क्लास जैसे महत्वपूर्ण कार्य संपादित करेंगे। इन सभी कार्यों के पूरा होने के बाद ही शिक्षक विद्यालय से प्रस्थान करेंगे।
विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। शिक्षकों को प्रशासनिक एवं अकादमिक कार्यों के लिए अलग समय मिलने से पढ़ाई की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सीखने के स्तर और मूल्यांकन प्रक्रिया में सुधार आने की उम्मीद है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है और इसकी प्रति सभी जिला पदाधिकारियों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, विद्यालय प्रधानों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं अनुपालन के लिए भेज दी गई है। नए आदेश के लागू होने के बाद राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में शनिवार को आधे दिन की व्यवस्था प्रभावी हो जाएगी, जिससे विद्यालय संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों में एकरूपता सुनिश्चित होगी।

जदयू नेता सैयद नजमुल होदा ने की सरकार के फैसले की सराहना
इस निर्णय का गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी एवं जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता सैयद नजमुल होदा ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। शनिवार को हाफ डे व्यवस्था लागू होने से शिक्षकों को पाठ योजना तैयार करने, विद्यार्थियों के मूल्यांकन, गृहकार्य की जांच तथा अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए पर्याप्त समय मिलेगा, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों—तीनों के हित में है तथा इससे सरकारी विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनेगी। साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग के इस फैसले की सराहना करते हुए इसे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।






