संविदा पर जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति, MBBS अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका; 95 हजार रुपये तक मासिक पारिश्रमिक
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
सिवान। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे ने सीवान हेल्थ यूनिट के लिए संविदा के आधार पर मेडिकल प्रैक्टिशनर की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर (GDMO) के एक पद पर वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से भर्ती की जाएगी। यह पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित है। इस संबंध में जानकारी वाराणसी मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे के जन संपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने दी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए या नियमित चिकित्सक की उपलब्धता तक की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार इस अवधि में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बदलाव भी किया जा सकता है।
10 मार्च को होगा इंटरव्यू
उम्मीदवारों का वॉक-इन इंटरव्यू 10 मार्च 2026 (मंगलवार) को सुबह 9 बजे से मंडल रेल प्रबंधक (कार्मिक) कार्यालय, लहरतारा, वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ सभी मूल दस्तावेज और उनकी स्व-हस्ताक्षरित प्रतियां लेकर सुबह 9 से 1 बजे के बीच उपस्थित होना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
योग्यता और आयु सीमा
इस पद के लिए उम्मीदवार के पास भारतीय चिकित्सा परिषद से मान्यता प्राप्त संस्थान से MBBS डिग्री के साथ एक वर्ष की रोटेटरी इंटर्नशिप पूरी होना आवश्यक है। साथ ही, उम्मीदवार का भारतीय चिकित्सा परिषद या किसी राज्य चिकित्सा परिषद में वैध पंजीकरण होना चाहिए।
1 फरवरी 2026 तक अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 60 वर्ष निर्धारित की गई है। सेवानिवृत्त रेलवे चिकित्सक भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उनके लिए भी आयु सीमा 60 वर्ष तक ही मान्य होगी।
आकर्षक पारिश्रमिक
संविदा पर नियुक्त मेडिकल ऑफिसर को प्रतिमाह 95,000 रुपये (मकान किराया भत्ता एवं परिवहन भत्ता सहित) का पारिश्रमिक दिया जाएगा। वहीं सेवानिवृत्त चिकित्सकों के लिए 46,000 रुपये मासिक रेम्यूनरेशन तय किया गया है, बशर्ते रेम्यूनरेशन और पेंशन का कुल योग उनके अंतिम वेतन से अधिक न हो।
प्राथमिकता किसे मिलेगी?
चयन प्रक्रिया के दौरान आईसीयू या क्रिटिकल केयर यूनिट में कार्य का अनुभव रखने वाले तथा चेस्ट विशेषज्ञ चिकित्सकों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि कोई अभ्यर्थी पहले से किसी सरकारी संस्थान में कार्यरत है, तो उसे अपने विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
महत्वपूर्ण शर्तें
- निजी प्रैक्टिस की अनुमति नहीं होगी
- इंटरव्यू में आने वाले अभ्यर्थियों को किसी गंभीर बीमारी से मुक्त होने का प्रमाण देना होगा
- कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य रहेगा
- चयनित चिकित्सक को वाराणसी मंडल के अंतर्गत कहीं भी पदस्थ किया जा सकता है
- अनुबंध 14 दिन के नोटिस पर समाप्त किया जा सकेगा
इच्छुक उम्मीदवार विस्तृत नियम, शर्तें और आवेदन प्रारूप रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते है।






