सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद बढ़ा आक्रोश; थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर कराया पेंट, नगर परिषद ने मरम्मत का दिया आश्वासन
डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सीवान।
शहर के गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ कथित छेड़छाड़ और अपमानजनक हरकत की सूचना के बाद सोमवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर गांधी प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की तस्वीरें तेजी से वायरल होने लगीं। तस्वीरों में प्रतिमा पर गुटखा थूकने और कुछ हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई। यह खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और वे गांधी मैदान पहुंचकर धरना देने लगे।

धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बापू का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान”, “गांधी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों को गिरफ्तार करो” और “गोडसे के रास्ते देश नहीं चलेगा” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

करीब तीन बजे शाम को जिलाध्यक्ष ने इस मामले की जानकारी एसडीओ आशुतोष गुप्ता को दी। एसडीओ के मुख्यालय से बाहर होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने एसडीपीओ अजय सिंह से संपर्क करने को कहा। इसके बाद जिलाध्यक्ष ने एसडीपीओ से बात की, जिन्होंने तत्काल टाउन थानाध्यक्ष को मौके पर भेजने का निर्देश दिया।
करीब साढ़े चार बजे टाउन थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ गांधी मैदान पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने थानाध्यक्ष को बताया कि रविवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने प्रतिमा के साथ अभद्रता की है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और प्रतिमा के आसपास की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने मौके पर ही प्रतिमा के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराई और पेंटिंग का कार्य शुरू कराया। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एसडीओ ने नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी नीलम कुमारी से बात कर प्रतिमा स्थल के बाहरी गेट और अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने का निर्देश देने की बात कही। नगर परिषद की ओर से भी जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया गया।
धरना कार्यक्रम में कांग्रेस नेता शशि कुमार, जफर अहमद, राधेश्याम शर्मा, संदीप शर्मा, विकास तिवारी, अहमद नवाज, मो. जाहिद, रवि कुमार, मो. आमिर सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। घटना के बाद शहर में प्रतिमाओं की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी बहस तेज हो गई है।






