Good Governance: पटना में ‘सहयोग शिविर’ की शुरुआत आज से, पंचायतों में ही होगा जनसमस्याओं का समाधान

Share

डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, 57 नोडल अधिकारी प्रतिनियुक्त; 30 दिनों के भीतर शिकायतों के निष्पादन का लक्ष्य

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता।पटना।

मुख्यमंत्री के ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में पटना जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में मंगलवार 19 मई से पंचायतवार ‘सहयोग शिविर’ की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत सरकार भवन अथवा निकटवर्ती सार्वजनिक स्थलों पर सुबह 10 बजे से शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सोमवार को शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को इसका सफल एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने कहा कि अब आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि प्रशासन स्वयं पंचायत स्तर पर पहुंचकर शिकायतों का समाधान करेगा। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज होने के 30 दिनों के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा तथा इसकी जानकारी आवेदक को लिखित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी। सभी शिकायतों की मॉनिटरिंग सहयोग पोर्टल पर भी की जाएगी।

जिले में शिविरों के सफल संचालन के लिए 57 नोडल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र के शिविरों की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। वहीं, 19 मई को पटना जिले के विभिन्न प्रखंडों की 40 पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है ताकि अधिक-से-अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

- Sponsored -

बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं, बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों को शिविर संचालन से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सहयोग पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं शिकायत निवारण प्रक्रिया की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।

शिविरों में राशन, पेंशन, आवास, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सीमांकन, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों एवं सुझावों का समाधान किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिविर स्थल पर 19 विभागों के अलग-अलग काउंटर एवं स्टॉल लगाए जाएंगे ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सभी विभागों की सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर की निर्धारित तिथि से 30 दिन पूर्व ही आवेदन एवं परिवाद पत्र प्राप्त करने की व्यवस्था की जाए। इसके लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करेंगे। मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे तथा सभी आवेदनों का पंजीकरण कर संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजा जाएगा। अधिकारियों को समयबद्ध कृत कार्रवाई प्रतिवेदन (एटीआर) उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य सिर्फ शिकायतों का निष्पादन नहीं, बल्कि जनता की संतुष्टि सुनिश्चित करना है। सभी पदाधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है ताकि लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक-से-अधिक संख्या में सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा इसकी जानकारी अपने परिवार एवं परिचितों तक भी पहुंचाएं। शिविर से संबंधित जानकारी के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर पर सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031