Operation Naya Savera: सिवान पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: ऑर्केस्ट्रा की आड़ में हो रहा था नाबालिग लड़कियों का शोषण, 9 मुक्त

Share

“ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत कार्रवाई; दो संचालक गिरफ्तार, अप्रैल से अब तक 52 नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया गया

क्राइम न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l सिवान |

जिले में मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत सिवान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार को जामोबाजार थाना क्षेत्र में संचालित ऑर्केस्ट्रा स्थलों पर छापेमारी कर शोषण का शिकार बनाई गई 9 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। इस कार्रवाई में दो ऑर्केस्ट्रा संचालकों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महिला थाना, जामोबाजार थाना, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) तथा दिल्ली की रेस्क्यू फाउंडेशन की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों से जबरन नृत्य कराया जा रहा था। कई लड़कियों के शोषण और मानव तस्करी से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है। सभी लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके उम्र सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया था और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

- Sponsored -

गिरफ्तार संचालक पश्चिम बंगाल के निवासी

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के रहने वाले राईन दास और चिरन प्रमाणिक के रूप में हुई है। दोनों पर नाबालिग लड़कियों को अवैध रूप से ऑर्केस्ट्रा में रखकर उनका शोषण कराने का आरोप है।

जामोबाजार थाना में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

अप्रैल से अब तक 52 नाबालिग लड़कियां कराई गईं मुक्त

सिवान पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन नया सवेरा” के तहत अप्रैल माह से अब तक जिले के विभिन्न इलाकों में चलाए गए अभियानों में कुल 52 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि मानव तस्करी और बाल शोषण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने लोगों से मांगा सहयोग

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी महिला या नाबालिग लड़की के शोषण, मानव तस्करी या जबरन कार्य कराने जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। इसके लिए जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 तथा डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

सिवान पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930