शिरोमणी दूबे के संगीतमय प्रवचन में उमड़ी भीड़, 27 मार्च को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय l सिवान
सीवान के गांधी मैदान में आयोजित श्रीराम जन्म महोत्सव के तीसरे दिन भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। जबलपुर से पधारी संगीतमय रामकथा वाचिका श्रीमती शिरोमणी दूबे ने भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उनके मधुर वाणी में प्रस्तुत कथा को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा।

प्रवचन के दौरान उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास की रामचरित मानस की प्रसिद्ध चौपाई— “जब-जब होई धरम की हानि, बाढ़हि असुर अधम अभिमानी, तब-तब धरि प्रभु विविध शरीरा, हरहि दयानिधि सज्जन पीरा।” का उल्लेख करते हुए बताया कि जब-जब धर्म की हानि होती है, तब भगवान अवतार लेकर सज्जनों की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान के अवतार लेने के चार प्रमुख कारण होते हैं, जिनमें संतों और सज्जनों का हित सर्वोपरि है।

यह महोत्सव 19 मार्च 2026 से प्रारंभ होकर 27 मार्च 2026 तक चलेगा। वर्ष 1978 (विक्रम संवत् 2034) में स्थापित इस महोत्सव का यह 49वां वर्ष है।

आयोजन के तहत प्रतिदिन प्रातःकालीन पूजन एवं मानस का नवाह्न पाठ आचार्य विरेन्द्र पाण्डेय एवं उनके सहयोगियों द्वारा कराया जा रहा है, जबकि दिन और रात्रि में प्रवचन कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं।

महोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता शामिल हुए हैं, जिनमें कानपुर (उ.प्र.) से पं. आलोक कुमार मिश्रा, अयोध्या धाम से पं. प्रहलाद मिश्रा तथा वाराणसी से पं. रामेश्वर उपाध्याय प्रमुख हैं। वहीं संगीतमय रामकथा वाचिका श्रीमती शिरोमणी दूबे का प्रतिदिन संध्या प्रवचन विशेष आकर्षण बना हुआ है।

समापन दिवस 27 मार्च को दोपहर 1 बजे भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा गांधी मैदान से निकाली जाएगी, जो शहर के पूर्व निर्धारित मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः गांधी मैदान में विसर्जित होगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष सुनील दत्त शुक्ला, सचिव मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष बबलू सरैया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संरक्षक मंडल में शिवनाथ सिंह, रंग बहादुर सिंह, राजेंद्र कुमार उर्फ मुन्ना जी और सतीश सिंह शामिल हैं। इसके अलावा गोपाल फार्मा के प्रबंधक विवेक लाल तथा भाजपा नेत्री लिसा लाल का भी विशेष सहयोग रहा।

तीसरे दिन की कथा में दारौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, बीर बहादुर सिंह, प्राचार्य अशोक सिंह, शिवनाथ सिंह, मुकेश कसेरा, राजेश श्रीवास्तव, बुलेट सिंह, बाबू, बीरेंद्र गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







