Sports Festival: दयानन्द आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सिवान में तीन दिवसीय “क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव – AYURFEST-2026” का आगाज: खेल और संस्कृति के संग छात्रों की प्रतिभा को मिलेगा मंच

Share

तीन दिवसीय महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं की धूम, 9 अप्रैल को जिलाधिकारी करेंगे विजेताओं को सम्मानित

एजुकेशन डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान।

दयानन्द आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सिवान में तीन दिवसीय “क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव – AYURFEST-2026” का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं शासी निकाय के सलाहकार डॉ. प्रजापति त्रिपाठी, प्राचार्य डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी एवं उपप्राचार्य डॉ. राजा प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई।

महोत्सव के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में दो युगल एवं एक एकल मुकाबला हुआ, जिसमें युगल वर्ग में चांदनी-शिक्षा की टीम विजेता रही, जबकि एकल वर्ग में प्रज्ञा ने बाजी मारी। लूडो प्रतियोगिता में छात्राओं के 10 राउंड में 10 विजेता सामने आईं, जिनके बीच अब पुनः मुकाबला होगा। वहीं छात्रों के 5 राउंड में 5 विजेता चुने गए, जिनके बीच फाइनल खेल कराया जाएगा।

शतरंज प्रतियोगिता में कुल 12 राउंड के बाद छात्राओं में शिक्षा विजेता रहीं, जबकि छात्रों में पंकज एवं अर्पित ने जीत हासिल की। कबड्डी प्रतियोगिता केवल छात्राओं के बीच खेली गई, जिसमें सत्र 2024-25 की छात्रा टीम विजयी रही। कैरम प्रतियोगिता के 12 राउंड संपन्न हो चुके हैं और अब विजेताओं के बीच फाइनल राउंड आयोजित किया जाएगा। वॉलीबॉल में कुल चार टीमों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।

महोत्सव के दूसरे दिन सभी प्रारंभिक विजेताओं के बीच फाइनल मुकाबले आयोजित होंगे। इसके साथ ही सात टीमों के बीच क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न बैचों की टीमें, इंटर्न छात्र एवं शिक्षकों की टीम भी भाग लेगी।

महोत्सव का समापन 9 अप्रैल 2026 को होगा, जहां सभी विजेताओं को सिवान के माननीय जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसी दिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण बनेगा।

इस पूरे आयोजन के समन्वयक महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. दुर्गेश कुमार, डॉ. सुजीत किशोर राय एवं डॉ. अंकेश कुमार मिश्रा हैं। खेल प्रतियोगिताओं का संचालन डॉ. प्रबुद्ध कुमार प्रवीण, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. मृत्युंजय कुमार, डॉ. रजनीश, डॉ. अनुपम विश्वास, डॉ. आफताब, डॉ. अयान पात्रा, डॉ. तैयबा ताहिरा, डॉ. सुरत्ना बनर्जी, डॉ. स्वधा तिवारी, डॉ. श्वेता ओझा, डॉ. एलीना मेटिया एवं डॉ. स्वाति प्रसाद सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों द्वारा किया जा रहा है।

महोत्सव का निर्देशन डॉ. आर. आर. शर्मा, डॉ. उपेन्द्र पर्वत, डॉ. एस. के. तिवारी, डॉ. पी. सी. त्रिपाठी, डॉ. जे. पी. चौबे, डॉ. विजय गणेश यादव, डॉ. अमरेंद्र कुमार अमन एवं डॉ. प्रमोद कुमार द्वारा किया जा रहा है। वहीं व्यवस्थाओं में इंटर्न छात्र प्रकाश कुमार, नदीम, निहाल, सत्यम, रोहित जायसवाल एवं अर्पित सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

प्राचार्य डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930