आयुर्फेस्ट 2026 में प्रतिभाओं का जलवा, डीएम ने किया सम्मानित
एजुकेशन डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सिवान।
दयानंद आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, सिवान में आयोजित तीन दिवसीय क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव “आयुर्फेस्ट-2026” का समापन गुरुवार की संध्या भव्य कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। महोत्सव में छात्रों ने खेल और सांस्कृतिक मंच पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सबका मन मोह लिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आयुर्वेद के छात्रों को समाज में आरोग्य संरक्षण और जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय, अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष कुमार गुप्ता, पूर्व प्राचार्य एवं शासी निकाय के सलाहकार डॉ. प्रजापति त्रिपाठी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव डॉ. रामानंद पांडेय एवं प्राचार्य डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन और भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अतिथियों का स्वागत औषधीय पौधे एवं अंगवस्त्र देकर किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भरतनाट्यम, एकांकी और सुगम संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों ने अपनी कला के माध्यम से सामाजिक मुद्दों और विसंगतियों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे खूब सराहना मिली।

खेल प्रतियोगिताओं में कैरम में छात्राओं में मेघा और छात्रों में अर्पित, लूडो में छात्रा फरहीन और छात्र आर्यन राज सोनी, शतरंज में छात्रा शिक्षा और छात्र पंकज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट में 2024-25 बैच के छात्र-छात्राओं ने जीत दर्ज की। बैडमिंटन एकल में प्रज्ञा प्रभा तथा डबल्स में चांदनी और शिक्षा की जोड़ी विजेता रही। 100 मीटर दौड़ में छात्राओं में पलक मिश्रा और छात्रों में अविनाश कुमार, जबकि 200 मीटर दौड़ में अभिनव कुमार प्रथम, गौरव यादव द्वितीय और रोहित जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे।

प्राचार्य डॉ. सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर होते रहेंगे। पूर्व प्राचार्य डॉ. प्रजापति त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
महोत्सव के सफल आयोजन में क्रीड़ा प्रभारी डॉ. दुर्गेश कुमार, डॉ. सुजीत किशोर राय एवं डॉ. अंकेश कुमार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खेलकूद गतिविधियों का संचालन डॉ. प्रबुद्ध कुमार प्रवीण, डॉ. राजीव रंजन, डॉ. मृत्युंजय कुमार, डॉ. रजनीश, डॉ. अनुपम विश्वास, डॉ. आफताब, डॉ. अयान पात्रा, डॉ. तैयबा ताहिरा, डॉ. सुरत्ना बनर्जी, डॉ. स्वधा तिवारी, डॉ. श्वेता ओझा, डॉ. एलीना मेटिया एवं डॉ. स्वाति प्रसाद सहित अन्य शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों द्वारा किया गया।
महोत्सव का निर्देशन डॉ. राजा प्रसाद, डॉ. आर.आर. शर्मा, डॉ. उपेन्द्र पर्वत, डॉ. एस.के. तिवारी, डॉ. पी.सी. त्रिपाठी, डॉ. जे.पी. चौबे, डॉ. विजय गणेश यादव, डॉ. अमरेंद्र कुमार अमन एवं डॉ. प्रमोद कुमार ने किया।
इसके अलावा आयोजन को सफल बनाने में इंटर्न छात्र प्रकाश कुमार, नदीम, निहाल, सत्यम, रोहित जायसवाल एवं अर्पित का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कीं।
मीडिया प्रभारी प्रकाश पांडेय ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों को अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच मिलता है और उनमें आत्मविश्वास का विकास होता है।






