पश्चिम बंगाल से लाए गए थे तीन हाथी; बड़हरिया में छापेमारी कर नर-मादा हाथी बरामद
सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
कृष्ण मुरारी पांडेय। सिवान।
सिवान जिले में अवैध रूप से रखे जा रहे हाथियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़हरिया थाना क्षेत्र से एक नर और एक मादा हाथी को सकुशल बरामद किया है। इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में अहम सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने बताया कि तीन हाथियों—सुमन, भोला और बसंती—को कथित तौर पर पश्चिम बंगाल से बिहार लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन हाथियों को पास के एक जिले के आश्रम में रखा गया था, लेकिन सत्यापन के दौरान वे वहां नहीं मिले।

जांच के दौरान वन विभाग को सूचना मिली कि ये हाथी बड़हरिया क्षेत्र में रखे गए हैं। इसके बाद वन विभाग और बड़हरिया थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो हाथियों—एक नर और एक मादा—को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि तीन में से एक हाथी की फरवरी 2026 में ही मृत्यु हो चुकी है। फिलहाल बचे दोनों हाथियों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया जारी है।

वन विभाग की टीम द्वारा हाथियों के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है, वहीं इस मामले में अवैध रूप से वन्यजीव रखने और परिवहन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई से अवैध वन्यजीव व्यापार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।







