निर्धारित कीमत 1011 रुपए होने के बावजूद अधिक वसूली का आरोप
वायरल वीडियो के आधार पर मुफ्फसिल थाने में केस, पुलिस जांच शुरू
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। सिवान :
सिवान जिले में रसोई गैस सिलेंडर की अधिक कीमत वसूलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर मुफ्फसिल थाना में गैस एजेंसी के ड्राइवर और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि गैस सिलेंडर की निर्धारित कीमत से अधिक राशि लाभुकों से वसूली जा रही थी।
जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में गैस सिलेंडर से लदी एक बोलेरो पिकअप वैन दिखाई दे रही है। इस वाहन की बॉडी पर इंडेन कंपनी का लोगो लगा हुआ है तथा उस पर ‘मेसर्स सिद्धि विनायक इंडेन’ लिखा हुआ है। वीडियो में पिकअप वैन का ड्राइवर लोगों से एक गैस सिलेंडर देने के बदले 1500 रुपए की मांग करता दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि वर्तमान समय में घरेलू गैस सिलेंडर की निर्धारित बाजार कीमत 1011 रुपए है। इसके बावजूद ड्राइवर द्वारा 1500 रुपए की मांग की जा रही थी। वीडियो देखने से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि उपभोक्ताओं से तय मूल्य से अधिक राशि वसूली जा रही थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सिवान सदर के पणन पदाधिकारी संतोष कुमार सिन्हा ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।
अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहे ड्राइवर और इसमें शामिल अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए, ताकि उपभोक्ताओं से अवैध वसूली पर रोक लगाई जा सके। आवेदन के साथ वायरल वीडियो क्लिप को पेन ड्राइव में संलग्न कर पुलिस को सौंपा गया।
मामले को संज्ञान में लेते हुए मुफ्फसिल थाना पुलिस ने कांड संख्या 139/26, दिनांक 12 मार्च 2026 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308 (3) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया है। इस कांड की जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर मज़बुद्दीन अहमद को सौंपी गई है।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद उपभोक्ताओं में भी चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






