9 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदकों पर जमाया कब्जा; एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज और वेटलिफ्टिंग में दिखाया दम
स्पोर्ट्स न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सीवान।
छपरा में आयोजित प्रमंडलीय खेल प्रतियोगिता में विज्ञानांद केंद्रीय विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया है। खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुल 15 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के मुकाबले जय प्रकाश विश्वविद्यालय, जगदम कॉलेज और खेल भवन, छपरा में आयोजित किए गए।
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, कई स्पर्धाओं में जीते स्वर्ण
जय प्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा में आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-14 वर्ग में आयुष कुमार ने 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। इसी वर्ग में आर्यन कुमार ने शॉटपुट और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। दिव्यांश दुबे ने लॉन्ग जंप में स्वर्ण और हाई जंप में रजत पदक हासिल किया।
अंडर-17 वर्ग में पिंटू कुमार ने ट्रिपल जंप में स्वर्ण तथा लॉन्ग जंप में कांस्य पदक जीता। अभिषेक सिंह ने ट्रिपल जंप में रजत और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, राजू कुमार ने जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया।
बैडमिंटन और शतरंज में भी विद्यार्थियों ने लहराया परचम
जगदम कॉलेज, छपरा में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं की आरवी श्रीवास्तव और कक्षा 8वीं की फलक नाज़ ने अपने-अपने वर्गों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। वहीं, खेल भवन, छपरा में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की अनुष्का ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया।

वेटलिफ्टिंग में सूरज ने उठाया 128 किलो वजन
खेल भवन, छपरा में आयोजित प्रमंडलीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कक्षा 10वीं के छात्र सूरज कुमार ने अंडर-65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 128 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें 53 किलोग्राम स्नैच और 75 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क शामिल रहा। उनकी इस उपलब्धि ने विद्यालय को गौरवान्वित किया।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विज्ञानांद केंद्रीय विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास ने इस सफलता को संभव बनाया है। खेलों में उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक विलास गिरी, प्रधानाचार्या जया प्रदा कुमारी, उप-प्रधानाचार्य कमलेश्वर प्रसाद गुप्ता, खेल शिक्षक अरिंदम चटर्जी एवं सव्यसाची भूनिया सहित विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी। साथ ही आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






