BJP Siwan: भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कार्यशाला आयोजित, 120 कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण

Share

रघुनाथपुर पश्चिमी मंडल में प्रभा प्रकाश डिग्री कॉलेज पंजवार में हुआ कार्यक्रम, नेताओं ने संगठन मजबूती व अनुशासन पर दिया जोर

पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। रघुनाथपुर (सिवान) :
रघुनाथपुर पश्चिमी मंडल के प्रभा प्रकाश डिग्री कॉलेज, पंजवार परिसर में भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत एक दिवसीय मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 120 अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा पार्टी की विचारधारा से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम उपस्थित कार्यकर्ताओं के पंजीकरण से हुई। इसके बाद भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा द्वारा सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण सामग्री के रूप में बैग, पैड, कलम और अंगवस्त्र प्रदान किया गया। इसके पश्चात स्वर्गीय भागवत तिवारी सभागार में प्रशिक्षण महाअभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन सत्र में जिला प्रभारी लालबाबू कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष सह विधानसभा प्रभारी अनुरंजन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष धनंजय सिंह तथा कुदन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सामूहिक वंदे मातरम् गीत के साथ प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी लालबाबू कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संगठन में अनुशासन और समर्पण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाते हैं। वहीं जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा और पार्टी के वैचारिक विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला उपाध्यक्ष कुदन सिंह ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। वरिष्ठ नेता अशोक दुबे ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यपद्धति और संगठनात्मक ढांचे की जानकारी दी, जबकि वरिष्ठ नेता जेपी पांडेय ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। आईटी संयोजक दीपु सिंह चंदेल ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम और उसके सामाजिक प्रभाव पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ नेता अशोक दुबे ने किया, जबकि अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रत्नेश चंद सिंह ने की। कार्यक्रम में महिला मोर्चा अध्यक्ष सावित्री बैठा ने सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। पंजीकरण, सुरक्षा और भोजन व्यवस्था युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्की सिंह के नेतृत्व में की गई। जलपान और पेयजल की व्यवस्था गोवर्धन चौबे ने की। अंत में वरिष्ठ नेता लक्ष्मी कांत पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031