स्कूल से घर लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l भागलपुर
विकाश कुमार। सहरसा ।
जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब स्कूली बच्चे भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा के समीप बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने निजी स्कूल से घर लौट रहे 7वीं कक्षा के छात्र को गोली मार दी। गोली छात्र के सिर में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल छात्र की पहचान अनुज कुमार निराला के 13 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है। वह कैलाशपुरी स्थित निजी स्कूल विद्यानिकेतन में 7वीं कक्षा का छात्र है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह स्कूल से पढ़कर अपने घर सिमराहा लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोली चला दी।
गोली सीधे उसके सिर में लगी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचते ही परिजन बदहवास हो उठे। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, ऐसे में यह हमला क्यों किया गया, यह समझ से परे है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्र को निशाना बनाकर गोली क्यों मारी गई। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि अपराधियों में पुलिस का भय खत्म होता जा रहा है, तभी इस तरह खुलेआम वारदात को अंजाम दिया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।






