महाराजगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 के लोगों ने कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। महराजगंज (सिवान) :
महाराजगंज। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 6 में नाला निर्माण कार्य के दौरान नल-जल योजना का पाइप क्षतिग्रस्त हो जाने से बीते 10 दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। नल से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर वार्ड के निवासियों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार को ज्ञापन सौंपकर अविलंब नल-जल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से लेकर राजेंद्र चौक तक नाला निर्माण का कार्य जारी है। इस दौरान जेसीबी और अन्य भारी मशीनों के प्रयोग से नल-जल योजना के पाइप कई स्थानों पर टूट गए हैं। पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण पूरे वार्ड में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
वार्डवासी राजेश कुमार, अच्छेलाल प्रसाद, सुदाम प्रसाद, सोनू कुमार, संतोष कुमार, किशन कुमार, रंजीत प्रसाद, हरेकृष्ण प्रसाद, विशाल कुमार, रामकुमार शर्मा, ललन प्रसाद, हजारी साह सहित अन्य लोगों ने बताया कि पानी नहीं मिलने से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। लोगों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासियों ने यह भी कहा कि पानी की कमी के कारण स्वच्छता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिससे बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। लोगों ने मांग की है कि नाला निर्माण एजेंसी की लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पाइपों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और नल-जल योजना की आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल की जाए।
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।






