सिवान कोर्ट को उड़ाने की धमकी के बाद भी पूरे दिन सामान्य ढंग से होता रहा कामकाज
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के ऑफिशियल मेल पर आया था धमकी भरा संदेश, लंच टाइम में विस्फोट की बात
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
विधि संवाददाता। सिवान। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश परिसर सहित समस्त व्यवहार न्यायालय को लेकर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सिवान जिला जज के ऑफिशियल ई-मेल आईडी पर गंभीर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ।

मेल में कोर्ट परिसर और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के चेंबर को निशाना बनाते हुए बम धमाके की बात कही गई थी। संदेश में लंच टाइम के दौरान विस्फोट होने का दावा किया गया, जिससे प्रशासनिक अमला सतर्क हो गया।

धमकी के बाद अलर्ट मोड में प्रशासन
धमकी मिलते ही न्यायालय प्रशासन और जिला पुलिस को सूचना दी गई। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। हालांकि, धमकी के बावजूद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति नहीं बनी और दिनभर न्यायिक कार्य सामान्य ढंग से चलता रहा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोतीस कुमार सिंह एवं समस्त न्यायिक पदाधिकारी गण और उनके कार्यालय के कर्मियों ने नियमित रूप से बिना डर भय न्यायिक कार्य संपादित किया।

डॉग स्क्वायड ने पूरे दिन की जांच
धमकी के मद्देनजर कोर्ट परिसर, जज चेंबर और आसपास के इलाकों में डॉग स्क्वायड की टीम ने सघन जांच की। प्रवेश-निकास बिंदुओं पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। सुरक्षा बलों ने संदिग्ध स्थानों की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन देर शाम तक किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई।
मेल की जांच, साइबर टीम सक्रिय
पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा के अनुसार धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान में जुटी है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।

आमजन से शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए टीमें तैनात हैं। कोर्ट का कामकाज आगे भी सामान्य रूप से जारी रहेगा।






