Siwan News: राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान: अनावश्यक मुकदमों से राहत दिलाने के उद्देश्य से निकली प्रचार गाड़ियां, 90 दिनों तक चलेगा विशेष अभियान

Share

राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान का सिवान में भव्य शुभारंभ

बिहार डेस्क l केएमपी भारत l पटना

सिवान | राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली के निर्देशानुसार “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता” विशेष अभियान का शुभारंभ गुरुवार को सिवान में धूमधाम से किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सिवान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत प्रचार वाहनों को व्यवहार न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इन वाहनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिवान के सचिव श्री सुनील कुमार सिंह एवं अनन्य विशेष उत्पाद न्यायाधीश द्वितीय श्री राजेश रंजन द्विवेदी ने संयुक्त रूप से रवाना किया। ये प्रचार गाड़ियां जिले के विभिन्न प्रखंडों में जाकर आम लोगों को मध्यस्थता के महत्व और इसके लाभ के बारे में जागरूक करेंगी।

भारत के सर्वोच्च न्यायालय के सहयोग से चल रहा है अभियान
यह अभियान भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। माननीय मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति सूर्यकांत एवं कार्यकारी अध्यक्ष, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार यह 90 दिवसीय अभियान 1 जुलाई 2025 से 30 सितंबर 2025 तक चलेगा।

विवादों का समाधान मध्यस्थता के माध्यम से
इस विशेष अभियान का उद्देश्य है – वैवाहिक विवाद, सड़क दुर्घटना दावे, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, उपभोक्ता विवाद, वाणिज्यिक विवाद, सेवा संबंधी मामले, ऋण वसूली, बेदखली/निष्कासन, भूमि अधिग्रहण समेत अन्य सिविल विवादों को आपसी समझौते के माध्यम से सुलझाना। इसके जरिए मुकदमों में फंसे लोगों को शीघ्र, सुलभ और सस्ता न्याय दिलाना लक्ष्य है।

सैकड़ों लोगों ने लिया भाग, न्यायिक अधिकारियों की रही सहभागिता
इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय सिवान के कई पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दीपक मिश्रा, जयप्रकाश प्रसाद, अतुल कुमार, सुनीति कुमारी, मनीष सिंह, बलवंत सिंह, प्रभात कुमार, संध्या कुमारी सहित सैकड़ों लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की जानकारी अधिवक्ता गणेशराम उर्फ ज्ञान रत्न ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

जन-जन तक पहुंचेगा न्याय का संदेश
यह अभियान उन पक्षकारों के लिए राहत का संदेश लेकर आया है जो अनावश्यक मुकदमों में फंसकर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से परेशान हो रहे हैं। मध्यस्थता के माध्यम से ऐसे लोगों को सरल और प्रभावी न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728