Patna District: घोसवरी में मोकामा–सरमेरा हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया

Share

घोसवरी में मोकामा–सरमेरा हाईवे पर तीन घंटे से जाम, सैकड़ों वाहन फंसे, मुआवजे और सुरक्षा इंतजाम की मांग पर अड़े लोग


सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

मोकामा l विकाश कुमार

पटना जिला के घोसवरी थाना क्षेत्र के शहरी गांव के समीप शनिवार को मोकामा–सरमेरा हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे से लगे इस जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे, वहीं यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि कुछ माह पहले सड़क सुरक्षा को देखते हुए रोड ब्रेकर बनाए गए थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें हटा दिया। इसी लापरवाही की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछली बार सड़क हादसे के पीड़ित परिवार को मुआवजा तक नहीं मिला था। उन्होंने साफ कहा कि जब तक जिलाधिकारी खुद घटनास्थल पर नहीं पहुंचेंगे, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा।

इधर, जाम की सूचना पर मोकामा, घोसवरी और आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगी। अधिकारी लगातार बातचीत कर जाम खत्म कराने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि देर शाम तक स्थिति जस की तस बनी रही।

- Sponsored -

हाईवे पर फंसे यात्रियों में महिलाएं और बच्चे भी थे, जिन्हें धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा। लोग पानी और खाने की व्यवस्था न होने से बेहाल दिखे। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दी जाएगी और सड़क सुरक्षा के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30