IndiaVsJapan: हीरो मेंस एशिया कप राजगीर 2025: भारत ने जापान को हराकर सुपर-4 में बनाई जगह

Share

हरमनप्रीत और मनदीप के गोल, गोलकीपर कृष्णा पाठक ने खेला 150वां इंटरनेशनल मैच

सेंट्रल डेस्क l केएमपी भारत l पटना

बिहारशरीफ। अविनाश पांडेय

हीरो मेंस एशिया कप राजगीर बिहार 2025 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए जापान को 3-2 से हराया और सुपर-4 में अपना स्थान पक्का कर लिया। इस जीत के नायक कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5’, 46’) और मनदीप सिंह (4’) रहे। जापान की ओर से कोसेई कवाबे (38’, 59’) ने दो गोल किए। मैच भारतीय गोलकीपर कृष्णा बी पाठक के लिए भी खास रहा, जिन्होंने अपने करियर का 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।


पहले क्वार्टर में भारत की धाक

भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। चौथे मिनट में सुखजीत सिंह के पास पर मनदीप सिंह ने गोल दागकर बढ़त दिलाई। अगले ही मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। जापान ने 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसे नाकाम कर दिया।


जापान की वापसी की कोशिश

दूसरे क्वार्टर में जापान ने खेल की रफ्तार बढ़ाई। हालांकि उनके हमले गोल में नहीं बदल सके। भारत को भी एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, मगर अमित रोहिदास का शॉट लक्ष्य से बाहर चला गया। तीसरे क्वार्टर में जापान के कवाबे ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया। लेकिन 46वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक और गोल कर भारत को दोबारा 3-1 की बढ़त दिला दी।

- Sponsored -

आखिरी लम्हों में रोमांच

आखिरी क्वार्टर में जापान ने लगातार दबाव बनाया। 59वें मिनट में कवाबे ने दूसरा गोल कर मैच को रोमांचक बना दिया। इसी बीच कप्तान हरमनप्रीत को येलो कार्ड मिला और भारत को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। बावजूद इसके टीम ने संयम दिखाया और 3-2 की जीत दर्ज की।


अगला मुकाबला कज़ाख़स्तान से

भारत अब अपना अगला मैच सोमवार, 1 सितंबर को कज़ाख़स्तान के खिलाफ खेलेगा। मैच रात 7:30 बजे (IST) से शुरू होगा। भारत में मैचों का सीधा प्रसारण Sony Sports Network पर और अंतरराष्ट्रीय दर्शक Watch.Hockey पर लाइव देख सकेंगे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930