Siwan: बसंतपुर में जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा शुरू; 12 दिसंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान, अस्पताल प्रशासन ने कसी कमर

Share

डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत न्यूज़ l पटना

संवाददाता, बसंतपुर (सीवान)। जनसंख्या स्थिरता को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और परिवार नियोजन सेवाओं को सशक्त करने के उद्देश्य से बसंतपुर प्रखंड में गुरुवार 21 नवंबर से जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की शुरुआत कर दी गई। यह अभियान 12 दिसंबर तक लगातार चलेगा, जिसमें लोगों को परिवार नियोजन के आधुनिक साधनों, स्वास्थ्य लाभों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

अस्पताल प्रभारी कुमार रविवार रंजन ने बताया कि पखवाड़े को सफल बनाने के लिए अस्पताल प्रशासन ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में परिवार नियोजन से संबंधित सभी सुविधाएँ—अस्थायी और स्थायी दोनों उपाय—नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी दी गई है ताकि अधिक से अधिक लोगों को सेवाओं से जोड़ा जा सके।

अभियान में कमलेश कुमार, चन्दन कुमार, अवनीश कुमार, एएनएम फूलमानी बराऊत, उषा देवी, मोहम्मद सरफराज, अमित कुमार सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी भूमिका स्पष्ट की और गांव-गांव जाकर जागरूकता फैलाने की रणनीति साझा की। टीम ने बताया कि पखवाड़े के दौरान अस्पतालों में फैमिली प्लानिंग काउंसलिंग, गर्भनिरोधक साधनों का वितरण, नसबंदी एवं मिनी लैप जैसी स्थायी विधियों की सुविधा, जन-जागरूकता रैली और लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य तेज गति से किया जाएगा।

प्रभारी ने बताया कि इस अवधि में विशेष काउंटर बनाए जाएंगे जहां आने वाले दंपतियों को व्यक्तिगत परामर्श दिया जाएगा। साथ ही ASHA और ANM की टीम घर-घर जाकर महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व और छोटे परिवार के बड़े लाभ के बारे में जानकारी देगी।

अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अस्पताल पहुँचकर अभियान का लाभ उठाएँ और समाज में जनसंख्या स्थिरता का संदेश फैलाने में भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही स्वस्थ समाज की नींव है और इस अभियान की सफलता में जनभागीदारी सबसे अहम भूमिका निभाती है।

- Sponsored -

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930