Chapra: घने कोहरे और धुएं में NH-531 पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर, चार यात्री गंभीर रूप से घायल

Share

आमडाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के पास बस–स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत, पीछे से दूसरी बस ने मारी टक्कर; एक घायल रेफर, चालक फरार

सेंट्रल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

छपरा (सारण) से कमल सिंह सेंगर की रिपोर्ट:
सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा–सीवान नेशनल हाईवे 531 पर गुरुवार सुबह घने कोहरे और सड़क किनारे जलाए गए कचरे के धुएं के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। आमडाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के पश्चिमी किनारे के पास तीन वाहनों—दो बस और एक स्कॉर्पियो—की टक्कर में चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और यातायात कुछ देर के लिए बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झारखंड के टाटा से आ रही एक सवारी बस एकमा की ओर से सीवान जा रही थी। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बस भी पहली बस से जा भिड़ी। देखते ही देखते तीन वाहनों की श्रृंखलाबद्ध टक्कर हो गई।

इस दुर्घटना में बस में सवार सीवान जिले के तरवारा थाना क्षेत्र के बलिया पट्टी गांव निवासी बीरेंद्र सिंह, बड़हरिया थाना क्षेत्र के कर्बला गांव निवासी इमामू हक की पत्नी तज्जुम खातून, स्नेहा यादव समेत चार यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने एक घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे जलाए गए कचरे से उठ रहे धुएं, घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर में एक बस का इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही एकमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद तीनों वाहनों के चालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
February 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
232425262728