Siwan: महाराजगंज के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बजरहिया में बाल मेला व स्पोर्ट्स मीट का आयोजन, मुखिया ने किया उद्घाटन

Share

हस्तनिर्मित प्रदर्शनी, खेलकूद और अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी में बच्चों की प्रतिभा देख अभिभूत हुए अतिथि

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। महाराजगंज (सिवान)।
महाराजगंज प्रखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बजरहिया में गुरुवार को शिक्षा विभाग के निर्देश पर बाल मेला, स्पोर्ट्स मीट तथा अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत की मुखिया नीति सिंह ने फीता काटकर किया। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बच्चों में खासा उत्साह देखा गया और अभिभावकों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही।

बाल मेले के दौरान छात्रों द्वारा हस्तनिर्मित विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक व रचनात्मक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें विज्ञान, गणित, पर्यावरण, स्वच्छता, हस्तकला और स्थानीय संसाधनों पर आधारित मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी, जिसे देखकर अभिभावक और अतिथि काफी प्रभावित नजर आए।

मुखिया नीति सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। यह बेहद खुशी की बात है कि आज के बच्चे अपनी रचनात्मक सोच और मेहनत के बल पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही बच्चे भविष्य में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, आर्यभट जैसे महान वैज्ञानिक बनकर अपने गांव, राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

मुखिया ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार भी दें, ताकि वे समाज के जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुखिया द्वारा पुरस्कृत भी किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया।

- Sponsored -

स्पोर्ट्स मीट के अंतर्गत विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। दौड़, कबड्डी, खो-खो सहित अन्य खेलों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और खेल भावना का परिचय दिया। विजेता बच्चों को मंच से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संकुल समन्वयक अमित कुमार ने कहा कि बाल मेला और अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होता है। प्रधानाध्यापक राकेश कुमार अकेला ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मौके पर शिक्षक रजनीश कुमार, विजय नंदी सिंह, शिवानंद सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930