Siwan News: सभी सुखों को देने वाली श्रीमद् भागवत कथा मोक्षदायिनी है : श्यामा किशोरी

Share

बड़ी देवी मंदिर के वार्षिकोत्सव पर शुरू हुआ नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ, पहले दिन संगीतमय कथा में भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता । महाराजगंज :
अनुमंडल मुख्यालय के दुर्गा चौक नखास स्थित प्रसिद्ध बड़ी देवी मंदिर के वार्षिकोत्सव के अवसर पर नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ का भव्य शुभारंभ किया गया। महायज्ञ के प्रथम दिन श्रीधाम वृंदावन से पधारीं प्रसिद्ध कथावाचिका श्यामा किशोरी जी ने श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके ओजपूर्ण, भावनात्मक और संगीतमय प्रवचन से मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

कथा के पहले दिन कथावाचिका ने श्रीमद् भागवत महापुराण के महात्म्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा सभी प्रकार के सुखों को प्रदान करने वाली और मोक्ष का मार्ग प्रशस्त करने वाली है। यह ग्रंथ न केवल जीवन को आध्यात्मिक दिशा देता है, बल्कि मनुष्य को ज्ञान, मंगल और शांति की अनुभूति भी कराता है। भागवत कथा का श्रवण करने से दैविक पुण्य की प्राप्ति होती है और व्यक्ति निष्काम भक्ति के भाव से जुड़ता है।

श्यामा किशोरी जी ने कहा कि भागवत कथा मानवता का संदेश देती है। जब मनुष्य भक्ति, प्रेम और करुणा के मार्ग पर चलता है, तभी उसका जीवन धन्य होता है। उन्होंने प्रेम को संसार का सार बताते हुए कहा कि यह संपूर्ण जगत प्रेम के सूत्र में बंधा हुआ है। प्रेम के बिना न भक्ति संभव है और न ही मानव कल्याण।

संगीतमय कथा के दौरान उन्होंने गणेश महिमा का भी सुंदर वर्णन किया। कथा श्रवण से होने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि श्रद्धा और विश्वास के साथ कथा सुनने से जीवन के अनेक कष्ट दूर होते हैं तथा मन को शांति और स्थिरता प्राप्त होती है। भजनों और संकीर्तन के साथ कथा प्रवाह ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इससे पूर्व मुख्य यजमानों द्वारा कथा व्यास श्यामा किशोरी जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी देवी पूजन समिति के अध्यक्ष रामबाबू प्रसाद, मंत्री राजेश अनल, महामंत्री प्रेम शंकर प्रेमी, कोषाध्यक्ष राज रौशन उर्फ डेनिस, उप कोषाध्यक्ष नीरज कुमार सहित समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी से आयोजन की भव्यता और बढ़ गई।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031