Breaking: सिवान में इंटर परीक्षा में बड़ी लापरवाही : वीएम और महावीरी परीक्षा केंद्राधीक्षकों से डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण, FIR की चेतावनी

Share

डीएम के औचक निरीक्षण में दो परीक्षा केंद्रों—वीएम हाई स्कूल-सह-गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, सिवान (केंद्र कोड-4201) और महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, पंचमंदिरा बड़हन गोपाल, सिवान (केंद्र कोड-4223) पर मिली बुनियादी सुविधाओं की कमी

एजुकेशन न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सिवान।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा 2026 के पहले ही दिन सिवान में बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था नहीं पाए जाने पर दो केंद्राधीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है। दोनों को चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है। https://youtu.be/csxJRPH4uKg?si=ziZbYkgXUHYBS1n1

फोटो कैप्शन:वीएम हाई स्कूल-सह-गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, सिवान (केंद्र कोड-4201) से द्वितीय पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकलते परीक्षार्थी।

परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण में खुली पोल

इंटर परीक्षा 02 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक संचालित की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने शहर के दो परीक्षा केंद्रों—वीएम हाई स्कूल-सह-गवर्नमेंट इंटर कॉलेज, सिवान (केंद्र कोड-4201) और महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, पंचमंदिरा बड़हन गोपाल, सिवान (केंद्र कोड-4223)—का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर बेंच-डेस्क, समुचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी पाई गई।

फोटो कैप्शन: महाराजगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित सिहौता बंगरा हाई स्कूल पर इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर निरीक्षण करती एसडीओ अनीता सिन्हा एवं एसडीपीओ अमन

पहले ही दी जा चुकी थी सख्त हिदायत

गौरतलब है कि 31 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सिवान द्वारा संयुक्त रूप से सभी परीक्षा केंद्राधीक्षकों की ब्रिफिंग की गई थी। इस बैठक में परीक्षा की शुचिता, कदाचार मुक्त संचालन और परीक्षार्थियों की सुविधा को लेकर स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद परीक्षा के पहले दिन ही दो केंद्रों पर अव्यवस्था मिलना प्रशासन को गंभीर लगा।

डीएम ने माना घोर लापरवाही

डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने इसे कार्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और अकर्मण्यता करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि संबंधित केंद्राधीक्षकों ने इंटरमीडिएट परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण दायित्व को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसी स्थिति परीक्षा की निष्पक्षता और परीक्षार्थियों की सुविधा—दोनों के लिए नुकसानदेह है।

48 घंटे में जवाब नहीं तो FIR

जिला प्रशासन द्वारा जारी स्पष्टीकरण पत्र में दोनों केंद्राधीक्षकों—राकेश कुमार सिंह (वीएम हाई स्कूल) और राकेश कुमार पांडे (महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर)—को निर्देश दिया गया है कि वे पत्र प्राप्ति के दो दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। स्पष्टीकरण में यह स्पष्ट करना होगा कि उनकी लापरवाही के बावजूद उनके विरुद्ध स्थानीय थाना में प्राथमिकी क्यों न दर्ज की जाए। तय समयसीमा में जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।

फोटो कैप्शन : महाराजगंज के स्वामी कर्मदेव यमुना राम उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों के प्रवेशपत्र जांच करते हुए वीक्षक

प्रशासन सख्त, परीक्षा पर कड़ी नजर

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि इंटर परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031