Siwan: शहर में जगह- जगह कूड़े का अंबार, सफाई व्यवस्था चरमराई; कांग्रेस का नगर परिषद कार्यालय पर रोषपूर्ण प्रदर्शन, एक माह का अल्टीमेटम

Share

13 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा, 5 फरवरी को डीएम के समक्ष आंदोलन की चेतावनी

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता। सीवान।
शहर में बदहाल साफ-सफाई व्यवस्था, जगह-जगह लगे कूड़े के अंबार, जलजमाव और नगर परिषद की कथित लापरवाही के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नगर कमिटी के बैनर तले मालवीय चौक, महादेवा से जुलूस निकाला गया, जो कचहरी रोड होते हुए नगर परिषद कार्यालय पहुंचा। जुलूस का नेतृत्व कांग्रेस के नगर अध्यक्ष शहबाज अख्तर ने किया।

जुलूस में शामिल कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता “हर चौक-चौराहे पर कूड़े का अंबार, कौन है जिम्मेदार”, “नगर प्रशासन जवाब दो”, “नगरवासी बेहाल”, “निकम्मा नगर प्रशासन शर्म करो” जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे। नगर परिषद कार्यालय के मुख्य गेट पर घंटों प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ता कार्यालय परिसर में बैठ गए। बाद में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की पहल पर सिटी मैनेजर ओमप्रकाश प्रसाद ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया।

13 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार ने कहा कि शहर के लगभग हर चौक-चौराहे को कूड़ा केंद्र बना दिया गया है। मालवीय चौक, अस्पताल रोड स्थित फतेहपुर बाईपास मोड़, सदर अस्पताल के पास, स्टेशन मोड़, डीएवी कॉलेज मोड़, दरबार सिनेमा के सामने सब्जी मंडी मोड़, थाना रोड स्थित शांति वट वृक्ष, हाफिजी चौक, बड़ी मस्जिद के पास, बबुनिया रोड चिक टोली मोड़ और अब्बास कॉलोनी मोड़ स्थित बबन पान भंडार के पास बने डंपिंग यार्ड को अविलंब शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग की गई।

उन्होंने कहा कि बबुनिया रोड स्थित लाल कोठी से लेकर सब्जी मंडी होते हुए दाहा नदी तक मुख्य नाले समेत सभी नालों की नियमित सफाई, मापी कराकर अतिक्रमण हटाया जाए। कांग्रेस पार्टी ने मांगों पर कार्रवाई के लिए नगर प्रशासन को एक महीने का अल्टीमेटम दिया है। इस अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर वार्ड-वार हस्ताक्षर अभियान चलाने और उसके बाद आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया गया।

नगर अध्यक्ष शहबाज अख्तर ने कहा कि जलजमाव की समस्या से निजात के लिए नालियों को आपस में जोड़ा जाए और निचले व संवेदनशील स्थानों पर पंप हाउस का निर्माण कराया जाए। सफाई के बाद कचरे का ससमय उठाव सुनिश्चित किया जाए।

कांग्रेस नेता मेराज अहमद ने शहर में पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट लगाने, एक सप्ताह के भीतर खराब लाइट दुरुस्त करने और खरीद में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग की। खालिद जमशेद ने आधुनिक एवं स्वच्छ सार्वजनिक शौचालय निर्माण पर जोर दिया। शशि कुमार ने नगर परिषद में टोल-फ्री नंबर जारी करने की मांग रखी, जबकि राधेश्याम शर्मा ने नवनिर्मित वार्डों में सभी सुविधाएं बहाल होने तक कर वसूली रोकने की मांग की।

ज्ञापन में नगर परिषद कर्मियों को 1 से 5 तारीख तक वेतन भुगतान, खुले में मांस-मछली बिक्री पर रोक, उपयुक्त बाजार की व्यवस्था, मच्छर नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग, कर्मियों का वेतन, प्रोन्नति और एरियर ससमय देने की मांग शामिल है।

प्रदर्शन में किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह, विश्वनाथ यादव, सलमान सिद्दीकी, अमित कुशवाहा, सेराज आलम, हाफिज जुबैर, संस्कार यादव, अहमद नवाज, विकास तिवारी, नूर हसन, जफर इकबाल, बैधनाथ महतो, आफताब आलम, फहीमुल हक, मेराज अहमद, शाकिब, अभिषेक कुमार, सरफराज अली, आरिफ हुसैन, इमरोज अली, विपिन कुमार, गुलाब हसन, साबिर अली, आरिफ रौशन, मनुल कुमार मिश्रा, जाकिल अहमद सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930