High Voltage Drama: गोपालगंज में प्रेमी की रिहाई के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, बनकटा में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

Share

पुलिस हिरासत में बंद प्रेमी को हथकड़ी समेत टावर के नीचे लाया गया, ग्रामीणों की भीड़ जुटी; शादी कराने की जिद पर अड़ी रही युवती

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता, गोपालगंज

प्यार में इंसान किस हद तक जा सकता है, इसका एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला शुक्रवार की सुबह गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के बनकटा जागीरदारी गांव में देखने को मिला। यहां एक युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर गांव के एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। कई घंटों तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस को भी अनोखा कदम उठाना पड़ा और हिरासत में लिए गए प्रेमी को हथकड़ी समेत टावर के नीचे लाकर युवती को समझाने की कोशिश की गई।

गुरुवार रात से लापता थी युवती

जानकारी के अनुसार बनकटा मल गांव निवासी संजय गोंड की पुत्री अर्पिता कुमारी का गांव के ही युवक पवन चौहान के साथ पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार वालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसी बीच गुरुवार की रात अर्पिता अचानक अपने घर से गायब हो गई। परिजनों ने आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने युवक पवन चौहान पर अपहरण की आशंका जताते हुए भोरे थाना में शिकायत दर्ज करा दी।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पवन चौहान को हिरासत में ले लिया और उसे थाने ले आई। इस बीच युवती का कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

सुबह टावर पर दिखी युवती, मचा हड़कंप

शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीणों की नजर गांव के पास लगे एक मोबाइल टावर पर पड़ी तो सभी हैरान रह गए। टावर की ऊंचाई पर अर्पिता बैठी हुई थी। यह खबर जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। युवती टावर से ही जोर-जोर से चिल्लाकर अपने प्रेमी पवन चौहान को रिहा करने और दोनों की शादी कराने की मांग कर रही थी।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना भोरे थाना की पुलिस को दी।

पुलिस ने अपनाया अनोखा तरीका

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही और नीचे आने से साफ इनकार कर दिया। स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस ने एक अलग तरीका अपनाया। थाने में बंद पवन चौहान को हथकड़ी लगी हालत में पुलिस जीप से टावर के नीचे लाया गया, ताकि युवती को दिखाकर उसे समझाया जा सके।

पुलिस और ग्रामीण लगातार युवती को भरोसा दिलाते रहे कि उसकी बात सुनी जाएगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।

सुरक्षित उतारने की कोशिश जारी

समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास जारी था। घटना के कारण पूरे इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही और यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को समझा जाएगा और उसके बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता युवती को सुरक्षित नीचे उतारना है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031