Drivers Association: सीवान में 10 सूत्री मांगों को लेकर ड्राइवर एसोसिएशन का धरना, तरवारा मोड़ से गोपालगंज मोड़ तक निकाला पैदल मार्च

Share

सीएम के नाम जिलाधिकारी को सौंपा मांग पत्र, दुर्घटना में 20 लाख मुआवजा व ड्राइवर आयोग गठन की मांग

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

कृष्ण मुरारी पांडेय l सीवान

बिहार सरकार से अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले सोमवार को जिले के गोपालगंज मोड़ स्थित अंबेडकर पार्क में ड्राइवरों ने धरना प्रदर्शन किया। इससे पहले संगठन के सदस्यों ने सुबह तरवारा मोड़ से गोपालगंज मोड़ तक पैदल मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मोटरसाइकिल व अन्य वाहनों पर सवार चालक भी जुलूस में शामिल हुए। https://youtu.be/9PXbRPMhnqw?si=c6b5Q-Mb1SbpuziV

पैदल मार्च के दौरान ड्राइवरों ने नारेबाजी करते हुए सरकार के सामने अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। जुलूस के बाद अंबेडकर पार्क में धरना सभा का आयोजन किया गया, जहां से प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार को कमर्शियल लाइसेंसधारी सभी ड्राइवरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करना चाहिए।

ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के पदाधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में अक्सर ड्राइवरों की जान चली जाती है या वे गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं, लेकिन उनके लिए पर्याप्त सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाएं नहीं हैं। इसलिए सरकार से मांग की गई है कि रोड एक्सीडेंट में ड्राइवर की मृत्यु को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाए। इसके अलावा ड्राइवर आयोग के गठन और ड्राइवर वेलफेयर फंड की व्यवस्था की भी मांग उठाई गई।

संगठन ने दुर्घटना में मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये मुआवजा और स्थायी अपंगता की स्थिति में 10 लाख रुपये देने के साथ-साथ मुफ्त चिकित्सा की व्यवस्था करने की मांग की है। इसके अलावा 60 वर्ष की आयु के बाद ड्राइवरों के लिए पेंशन योजना लागू करने तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को तत्काल प्रभाव से पेंशन देने की मांग भी शामिल है। ड्राइवरों के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा में विशेष आरक्षण की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।https://youtu.be/W_LcvkeZOsM?si=Vp8DrPuF7TExNaZi

संगठन ने वाहनों में आगे-पीछे रिकॉर्डिंग के लिए छह कैमरे लगाने की व्यवस्था करने की मांग भी सरकार से की है, ताकि दुर्घटना या विवाद की स्थिति में वीडियो फुटेज के आधार पर दोषी व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही 1 सितंबर को ड्राइवर दिवस घोषित करने और उस दिन सभी ड्राइवरों को अवकाश देने की भी मांग रखी गई है। https://youtu.be/bDlnqoDl7U4?si=G0Kc84-8h1xyp2Pq

धरना में यह भी मांग उठाई गई कि ड्राइवरों को द्वितीय श्रेणी सैनिक का दर्जा दिया जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक सरकारी अस्पताल के आईसीयू में ड्राइवरों के लिए एक बेड आरक्षित किया जाए। ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाने की भी मांग की गई, ताकि सड़क पर किसी चालक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।

पैदल मार्च और धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नागेंद्र कुमार शाह, जिला सचिव लक्षण देव प्रसाद महतो, जिला कोषाध्यक्ष अखिलेश कुमार राय तथा जिला संगठन मंत्री देवेंद्र यादव कर रहे थे।

धरना प्रदर्शन में अजय कुमार यादव, अरुण सिंह, संतोष मांझी, परमात्मा यादव, कृष्णा पासवान, सुभाष माझी, मोहन यादव, हीरामन यादव, मोतीलाल यादव, रामाशंकर प्रसाद, रंजय कुमार मांझी, कृष्ण यादव, अजय कुमार, आनंद यादव, अमरजीत गिरी, मनोज कुमार ठाकुर, संजीत राय सहित बड़ी संख्या में ड्राइवर व वाहन चालक उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930