हसनपुरा मंडल के उसरी बाजार स्थित बाबू पैलेस में कार्यशाला, जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी बोले—कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़, योजनाओं को जनता तक पहुंचाना ही लक्ष्य
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता। हसनपुरा (सीवान) |
भारतीय जनता पार्टी जिला सीवान की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत रविवार को हसनपुरा मंडल के उसरी बाजार स्थित बाबू पैलेस में प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दुर्गा लाल सोनी ने की। कार्यशाला की शुरुआत पंजीकरण प्रक्रिया से हुई, जिसमें लगभग 100 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, जिलाउपाध्यक्ष सह विधानसभा प्रभारी अनुरंजन मिश्रा, कुदन सिंह, धनंजय सिंह और विधानसभा संयोजक विजय चौधरी ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान भाजपा का एक महत्वपूर्ण संगठन पर्व है। इसके माध्यम से मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत और रीढ़ होते हैं। प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन के कार्य को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाते हैं और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को ऐसे प्रशिक्षण शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि वे संगठन की कार्यप्रणाली को समझ सकें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने अपने संबोधन में भाजपा के इतिहास और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सफर भारतीय जनसंघ से शुरू हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद पार्टी और फिर व्यक्ति का स्थान आता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए जनसंघ का विलय जनता पार्टी में किया गया था और बाद में 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई। उन्होंने कहा कि दो सीटों से अपनी यात्रा शुरू करने वाली भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान विभिन्न विषयों पर सात प्रशिक्षकों ने कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। कुदन सिंह ने पीपीटी के माध्यम से संगठनात्मक विषयों पर प्रस्तुति दी। धनंजय सिंह ने पार्टी की कार्यप्रणाली और संगठन विस्तार पर प्रकाश डाला। पूर्व जिला पार्षद जेपी पांडेय ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। दीपू सिंह चंदेल ने सोशल मीडिया और आईटी की भूमिका पर विस्तार से बताया।
वहीं वरिष्ठ नेता अशोक दूबे ने ‘मन की बात’ और बूथ प्रबंधन पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत पाठक ने कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों का बोध कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम गीत के साथ हुआ, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। धन्यवाद ज्ञापन श्याम सुंदर प्रसाद ने किया।
कार्यक्रम में पंजीकरण की जिम्मेदारी युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम सुंदर प्रसाद के नेतृत्व में निभाई गई। महिला मोर्चा अध्यक्ष बबीता सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। भोजन, चाय और जलपान की व्यवस्था कार्यक्रम संयोजक अनंत सहनी के नेतृत्व में की गई।
इस दौरान भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने सभी प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं को बैग, पैड, कलम और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अपेक्षित लगभग 100 कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिले के जिरादेई मंडल में पंचायत भवन जिरादेई में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जबकि बड़हरिया दक्षिणी मंडल का प्रशिक्षण कार्यक्रम राछोपोली पंचायत भवन में संपन्न हुआ। इन कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन और विचारधारा से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।






