नगर पंचायत के 17 वार्डों में 52 प्रगणक और 9 पर्यवेक्षक तैनात, पहले चरण में मकानों की होगी विस्तृत गणना
डिजिटल डेस्क l केएमपी भारत l पटना
महराजगंज। संवाददाता l
अनुमंडल मुख्यालय स्थित नगर पंचायत सभागार में शनिवार को जनगणना को लेकर अहम तैयारी बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी सह जनगणना चार्ज पदाधिकारी डॉ. विपिन कुमार ने 61 कर्मियों के बीच नियुक्ति पत्र और परिचय पत्र का वितरण किया। कार्यक्रम के साथ ही शहर में जनगणना अभियान को लेकर औपचारिक शुरुआत हो गई।
डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि जनगणना के पहले चरण में मकानों की गणना की जाएगी, जिसके तहत नगर पंचायत क्षेत्र के लगभग छह हजार घरों को चिन्हित कर उनका सर्वे किया जाएगा। इस कार्य के लिए कुल 52 प्रगणक और 9 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें 17 वार्डों में व्यवस्थित रूप से तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे नगर पंचायत क्षेत्र को 9 स्क्वायर किलोमीटर के दायरे में 52 एचएलवी (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) में विभाजित किया गया है। प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की निगरानी रहेगी, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
घर-घर जाकर होगी गणना, नंबरिंग भी जरूरी
जनगणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर न केवल जानकारी एकत्र करेंगे, बल्कि हर मकान पर एक यूनिक नंबर भी अंकित करेंगे। इससे भविष्य में डेटा का सत्यापन और प्रबंधन आसान होगा। इसके साथ ही शहर में वॉल पेंटिंग के माध्यम से भी जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया जाएगा।
समस्या आने पर तत्काल समाधान की व्यवस्था
डॉ. विपिन कुमार ने कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि गणना के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या आती है, तो प्रगणक तुरंत अपने पर्यवेक्षक को सूचित करें। यदि वहां से समाधान नहीं होता है, तो वरीय पदाधिकारी स्वयं स्थल पर पहुंचकर समस्या का निराकरण करेंगे। इससे कार्य की पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहेगी।
टीम भावना से कार्य करने की अपील
कार्यक्रम में मौजूद सभी कर्मियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर कुमार राज कपूर टीपू, मनु सिंह, विजय कुमार साह, छठू राम, तकनीकी सहायक विजय कुमार प्रजापति सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






