वी.एम. उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
युवाओं को मतदान के अधिकार और जिम्मेदारियों से कराया गया अवगत
डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l सिवान।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता को नई गति देने के उद्देश्य से बुधवार को 105 सिवान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत वि.एम. उच्च विद्यालय-सह-इंटर कॉलेज, सिवान में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) के तत्वावधान में व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता, सिवान एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी, सिवान ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम का मुख्य संदेश था— “मेरा वोट – मेरा अधिकार, मजबूत लोकतंत्र का आधार।”

इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका, मतदाता के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के महत्व की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मतदाता जागरूकता शपथ के साथ हुई, जिसमें सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने का संकल्प लिया। इसके बाद मतदान के महत्व पर परिचर्चा आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने बताया कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति प्रत्येक नागरिक के मताधिकार में निहित है और प्रत्येक पात्र मतदाता का मतदान देश की विकास यात्रा को दिशा देता है।
छात्र-छात्राओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, रंगोली निर्माण, नुक्कड़ नाटक तथा मतदान आधारित लघु फिल्म एवं प्रस्तुति जैसे विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से मतदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को सरल एवं रोचक ढंग से समझाने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों और प्रभावशाली नारों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी आवश्यक जानकारियों तथा मतदान की पूरी प्रक्रिया से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। साथ ही बताया गया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाला प्रत्येक पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराए और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
अधिकारियों ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब का मूल उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाता बनाना है, ताकि सभी नागरिक बिना किसी भय, दबाव, प्रलोभन अथवा भेदभाव के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और विद्यालय स्तर से ही लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में शिक्षक दिलीप कुमार शर्मा, मुनीश्वर प्रसाद, विनोद कुमार, नंदा गिरी, प्रताप कुमार तथा विकास कुमार (डाटा एंट्री ऑपरेटर), 105 सिवान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सिवान उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विश्वास मजबूत करना तथा शत-प्रतिशत मतदान के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना है।





