Siwan: चेहल्लुम पर प्रशासन अलर्ट: तय रूट से ही निकलेगा जुलूस, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Share

जिला शांति समिति की बैठक में डीएम-एसपी ने दिए निर्देश

सफाई, एंबुलेंस, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभागों को सौंपे गए दायित्व

डिजिटल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना

संवाददाता l सिवान

आगामी चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने की। इसमें जिला शांति समिति के सदस्यों, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों तथा जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर पर्व के दौरान बेहतर समन्वय और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि सिवान की पहचान हमेशा आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और गंगा-जमुनी तहजीब के लिए रही है। इस परंपरा को कायम रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि चेहल्लुम का पर्व प्रेम, शांति और आपसी सहयोग के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।

- Sponsored -

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने, धार्मिक भावनाएं भड़काने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कठोर एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि चेहल्लुम के अवसर पर जुलूस केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा। साथ ही शांति समिति के सदस्यों से अपील की गई कि दोनों दिनों के जुलूस निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न कराएं, ताकि शहर में विद्युत आपूर्ति समय पर सामान्य रूप से बहाल की जा सके और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद के अधिकारियों को शहर की साफ-सफाई, नालियों की सफाई तथा जुलूस मार्गों पर विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि जुलूस के दौरान आवश्यक स्थानों पर एंबुलेंस, चिकित्सकीय टीम तथा प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शांति समिति के सदस्यों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930