कुड़वा से बड़हरिया तक जगह-जगह हुआ अभिनंदन, फूलों की बारिश से लेकर लड्डुओं से तौलने तक दिखा उत्साह
सभी वर्गों के लोगों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
पॉलिटिकल न्यूज़ डेस्क l केएमपी भारत l पटना
संवाददाता l बड़हरिया/सीवान।
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री बनने के बाद पहली बार बड़हरिया की धरती पर पहुंचे मिथिलेश तिवारी का भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। कुड़वा से लेकर बड़हरिया तक करीब सात किलोमीटर की दूरी में जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे। कहीं फूलों की बारिश की गई तो कहीं माला पहनाकर और लड्डुओं से तौलकर उनका अभिनंदन किया गया।

भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों मोटरसाइकिलों के काफिले के साथ कुड़वा में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का जोरदार स्वागत किया गया। यहां क्लाईमेक्स कोचिंग के निदेशक संदीप कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मंत्री के पहुंचते ही फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उनसे शिक्षा एवं पढ़ाई को लेकर संवाद भी किया।

इसके बाद कर्बला बाजार में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज कुशवाहा के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री का स्वागत किया गया। यहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मदरसा के शिक्षक-छात्रों ने जेसीबी से बरसाए फूल
इसके बाद मंत्री का काफिला ब्लॉक मोड़ बड़हरिया पहुंचा। यहां मदरसा के शिक्षक, छात्र और मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोगों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के दौरान जेसीबी से फूलों की वर्षा की गई। सैकड़ों लोगों ने फूलों की माला पहनाकर मंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी ने स्वागत कार्यक्रम को खास बना दिया।

थाना चौक पर व्यवसायियों ने लड्डुओं से तौला
इसके बाद शिक्षा मंत्री का काफिला थाना चौक बड़हरिया पहुंचा। यहां राजकिशोर प्रसाद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यवसायी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। व्यवसायियों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी को लड्डुओं से तौलकर उनका स्वागत किया। तौलने के बाद लोगों में खुशी का माहौल रहा। लोगों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी मनाई और लड्डुओं का वितरण भी किया।

रामजानकी मठ में हुआ भव्य अभिनंदन
इसके बाद रामजानकी मठ परिसर में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। यहां भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने शिक्षा मंत्री को गदा भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में मौजूद हजारों लोगों ने मिथिलेश तिवारी को फूल-माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी का भी लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।
चार मंडल अध्यक्षों ने बनाई स्वागत की रणनीति
भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी के निर्देशानुसार भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा ने शिक्षा मंत्री के स्वागत को लेकर बड़हरिया में व्यापक तैयारी की। इसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष सदर मनोज कुशवाहा, उत्तरी मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, दक्षिणी मंडल अध्यक्ष सुरेश सिंह और लकड़ी दरगाह मंडल अध्यक्ष संजय प्रसाद के साथ रणनीति तैयार की गई। इसके बाद कुड़वा से लेकर बड़हरिया तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।

दुल्हन की तरह सजा बड़हरिया बाजार, चारों ओर दिखा कमल
शिक्षा मंत्री के स्वागत को लेकर बड़हरिया बाजार को भाजपा के झंडों से सजाया गया था। बाजार में जगह-जगह भाजपा के झंडे और कमल का निशान दिखाई दे रहा था। स्वागत के दौरान कुड़वा से लेकर बड़हरिया तक हजारों लोग सड़क किनारे खड़े नजर आए।

भाजपा नेताओं ने कहा कि बड़हरिया में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के स्वागत में पहली बार सभी धर्म और वर्ग के लोगों के साथ छात्र, नौजवान, व्यवसायी और आम जनता इतनी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुरंजन मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया। सात किलोमीटर लंबे स्वागत मार्ग पर जगह-जगह लोगों की मौजूदगी और पुष्पवर्षा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।






